बैतूल में 21 फरवरी को सजेगी संगीत की महफिल, 18 वर्षों से जारी है परंपरा|
स्व.विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में समाज सेवा और प्रतिभा सम्मान पुरस्कार दिए जाएंगे| जेएच कॉलेज के मुक्त आकाश मंच पर रात 8 बजे से होगा आयोजन, प्रवेश निशुल्क| महिलाओं के लिए पृथक एवं सुचारु बैठक व्यवस्था, अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील|

बैतूल। शब्द संस्था का बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम आवाज के सितारे अब अपनी तैयारियों के अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 21 फरवरी शनिवार को रात 8 बजे से जेएच कॉलेज के मुक्त आकाश मंच पर आयोजित होने जा रही यह संगीत संध्या एक बार फिर पुराने और सदाबहार गीतों से श्रोताओं को भाव-विभोर करेगी।
स्व.विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में सम्मान
कार्यक्रम में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी स्व.विजय खंडेलवाल की स्मृति में समाज सेवा एवं प्रतिभा सम्मान पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। शब्द संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी अशोक बचले एवं राजकुमार हिरानी ने बताया कि समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्ति को समाज सेवा पुरस्कार तथा शिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली शख्सियत को प्रतिभा सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
– 18 वर्षों से सज रही है संगीत की महफिल
आवाज के सितारे कार्यक्रम बीते 18 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा है और बैतूल के सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। पुराने और सदाबहार गीतों से सजा यह कार्यक्रम हर वर्ष श्रोताओं द्वारा सराहा जाता रहा है। कलाकार इस बार भी पूरी मेहनत के साथ प्रस्तुति की तैयारी में जुटे हैं।
– निशुल्क प्रवेश की व्यवस्था
कार्यक्रम के संयोजक प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि संगीत निशा पूरी तरह निशुल्क है। श्रोताओं के लिए संस्थान की ओर से जलपान की भी निशुल्क व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक संगीत प्रेमी कार्यक्रम का आनंद ले सकें।
– महिलाओं के लिए अलग बैठक व्यवस्था
आयोजन स्थल पर महिलाओं के बैठने के लिए पृथक एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। शब्द संस्था के नरेंद्र ठाकुर ने जानकारी देते हुए सभी संगीत रसिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांगीतिक आयोजन को सफल बनाएं।




