Betul news: बिरसा मुंडा जयंती पर बैतूल में होगा राज्य स्तरीय युवा आदिवासी महोत्सव
सोनाघाटी से निकलेगी भव्य बाइक रैली, रानी दुर्गावती ऑडिटोरियम में होगा बड़ा आयोजन

बैतूल। जिले के ग्राम भयावाड़ी में जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) की जिला स्तरीय बैठक मंगलवार को संपन्न हुई। बैठक में 15 नवंबर 2024 को रानी दुर्गावती ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा आदिवासी महोत्सव की तैयारियों, व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जयस जिलाध्यक्ष संदीप कुमार धुर्वे ने की, जबकि जयस जिला संरक्षक राजा धुर्वे और जयस जिला प्रभारी महेश शाह उइके ने भी कार्यक्रम की तैयारियों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जयस कार्यकर्ता पिंटू इवने ने आगामी कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी और बताया कि इस महोत्सव के दौरान आदिवासी संस्कृति और कला को बढ़ावा देने के लिए कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस महोत्सव में आदिवासी वेशभूषा फैशन शो, बिरसा मुंडा मेधावी छात्र प्रोत्साहन और आदिवासी लोक नृत्य जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा, जयस द्वारा सोनाघाटी से एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए सदर, कोठी बाजार और कलेक्ट्रेट तक पहुंचेगी। इस दौरान जयस द्वारा विभिन्न मार्गों से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इसके बाद रैली रानी दुर्गावती ऑडिटोरियम पहुंचेगी, जहां राज्य स्तरीय आदिवासी महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
जयस आईटी सेल प्रभारी रामदीन इवने ने बताया कि यह कार्यक्रम आदिवासी संस्कृति के संरक्षण और प्रोत्साहन के साथ-साथ युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में राज्य भर से आदिवासी युवा शामिल होंगे। बैठक में जयस प्रदेश महासचिव राज रावन परते, जयस जिला उपाध्यक्ष रितिक बाबा परते, शिक्षा मंत्री दिलीप पंद्राम, सौरभ सलामे जयस जिला मीडिया प्रभारी, मनीष परते जयस ब्लॉक अध्यक्ष बैतूल, राजू उइके जयस नगर अध्यक्ष, अजय पंद्राम, सुभाष इवने, अशोक उइके, प्रकाश उइके, सतीश उइके, संदीप उइके और जयस की पूरी टीम मौजूद थी। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए जयस की पूरी टीम जुट गई है, और बिरसा मुंडा जयंती पर यह कार्यक्रम बैतूल के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला होगा।




