Shiv Puran Katha: देवी जागरण में बरसे आस्था और भक्ति के रंग, अर्ध रात्रि तक झूमते रहे भक्त

बैतूल बाजार में श्री शिव महा पुराण कथा में भक्तों ने परिवार के साथ किया पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक, कथा श्रवण कर कमाया पुण्य

 


Shiv Puran Katha: बैतूलबाजार। धार्मिक नगरी बैतूलबाजार में छह दिन से समस्त नगर वासी भगवान भोलेनाथ की आराधना में लीन हैं। नगरवासियों के सहयोग से चौकीपुरा में आयोजित की जा रही संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा में भक्तों के द्वारा सुबह 10 बजे से वृंदावन से आए आचार्य पवन पाठक महाराज के सानिध्य में पार्थिव शिवलिंग का पूजन कर अमृत अभिषेक किया जा रहा है। दोपहर तीन बजे से श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने के लिए भक्त उमड़ रहे हैं।

सोमवार रात्रि में कथा स्थल पर देवी जागरण का आयोजन किया गया। जागरण ग्रुप के सदस्यों द्वारा भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पंडाल में मौजूद महिलाएं, पुरुष और बच्चे अपने आपको भक्ति रस से सरोबार होकर खुशी मनाते हुए जमकर झूमते रहे।

जागरण ग्रुप के द्वारा भगवान भोलेनाथ की जीवंत झांकी बनाई गई। जिसमें भोलेनाथ का रूप धारण कर कलाकार भक्तों के बीच पहुंचे और जमकर नृत्य किया। इसके बाद भगवान श्री हनुमान का वेष धरकर कलाकार ने भजन पर झूमते हुए अपनी प्रस्तुति दी। माता रानी की शेर पर सवार झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। जागरण ग्रुप के सदस्यों ने अपनी सुमधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति देकर सभी भक्तों को आनंदित कर दिया।

द्वादश ज्योर्तिलिंग की कथा आज:

श्री शिव महापुराण कथा में बुधवार को वृंदावन से आए आचार्य पवन पाठक महाराज के मुखार बिंद से द्वादश ज्योतिर्लिंग की कथा सुबह 11 बजे से सुनाई जाएगी। आयोजन समिति की ओर से सभी भक्तों से अंतिम दिवस की कथा का श्रवण करने और पुण्य लाभ अर्जित करने का अनुरोध किया है।

हवन पूजन के साथ होगा भंडारा:

श्री शिव महापुराण कथा के अंतिम दिवस बुधवार को कथा के बाद हवन पूजन कर भंडारा प्रसादी का वितरण भी किया जाएगा। आयोजकों ने सभी नगरवासियों से सुख समृद्धि की कामना को लेकर हवन कुंड में आहुति देने के लिए पहुंचने का अनुरोध किया है। इसके उपरांत भंडारा प्रसादी ग्रहण करने के लिए भी सभी भक्तों से निवेदन किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button