Big Breaking News : सोनाघाटी की पहाड़ी को उजाड़ने वाले दो आरक्षक सस्पेंड , चौकी प्रभारी लाइन अटैच

Big Breaking News : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर की अगुवाई में जिला मुख्यालय से सटे सोनाघाटी क्षेत्र की पहाड़ी को हरा-भरा करने के लिए जन सहयोग से पौधारोपण किया गया है। करीब सात वर्ष पूर्व लगाए गए पौधे अब पेड़ बनने लगे हैं। इन पेड़ाें को सोनाघाटी में पुलिस चौकी का निर्माण करने के लिए काट दिया गया।
सोमवार को सुबह जब पर्यावरण प्रेमियों ने पेड़ों को बेरहमी से काटा देखा तो कड़ी नाराजगी जताई।पहाड़ी को हरा भरा करने की मुख्य भूमिका निभाने वाले पर्यावरणविद्, जल प्रहरी एवं जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया ने इस मामले में लापरवाही बरतने के कारण सोनाघाटी पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक चंद्रपाल सरयाम एवं आरक्षक अनुज तैनात तो तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र में संबद्ध कर दिया है। इसके साथ ही सोनाघाटी चौकी प्रभारी कार्यवाहक उप निरीक्षक वहीद खान को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सोनाघाटी पुलिस चौकी का प्रभारी कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक नरेन्द्र उइके को बनाया गया है।

जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने बताया कि सोनाघाटी की वीरान पहाड़ी को हरा-भरा करने के लिए पिछले एक दशक से गंगा अवतरण अभियान चलाया जा रहा है। सैकड़ों श्रमदानी तपती धूप में पहाड़ी पर खंतियों का निर्माण करते हैं ताकि वर्षा जल भूमि में समा सके। इन खंतियों के किनारे पर पौधे लगाकर उनकी सिंचाई करने के काम में भी खूब पसीना बहाया जा रहा है। सैकड़ों पौधे अब पेड़ बन गए हैं, जिससे पूरी पहाड़ी हरियाली से भर गई है। इन पेड़ों को पुलिस चौकी बनाने के नाम पर काटने का काम किया गया है।ऐसा कृत्य करने वालों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई थी।




