15 मई को बैतूल मना रहा है अपनी 204वीं वर्षगांठ।

204 वर्ष पूर्व अंग्रेजों ने तय की थी जिले की भौगोलिक सीमा। देश-दुनिया का एकमात्र जिला जो न तो कटा, न छंटा, न बंटा।

लेखक: रामकिशोर पंवार

अखंड भारत का केंद्र बिंदु बैतूल, मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र की सीमा पर बसा मध्यप्रदेश का 49वां आदिवासी बाहुल्य जिला है। यूं तो बेतूल जिले का गठन 15 मई 1822 में अंग्रेजी हुकूमत के समय किया गया था, लेकिन आजाद भारत में कभी सीपी एंड बरार का हिस्सा रहे बैतूल को 1 नवम्बर 1956 को मध्यप्रदेश में शामिल किया गया। 1344 गांवों और 558 ग्राम पंचायतों वाले 10 जनपद पंचायतों वाले बैतूल जिले में चार पहाड़ी और एक मैदानी किला है।

बैतूल जिले की पहचान पुण्य सलिला सूर्यपुत्री ताप्ती नदी से है, जो भगवान सूर्य नारायण की दूसरी पत्नी छाया की दो बेटियों तापी-भद्रा में से एक ताप्ती का उद्गम स्थल है। देश में यदि पंजाब की पहचान पांच नदियों के प्रदेश के रूप में होती है तो बेतूल जिले की झापल पहाड़ी के एक कुंड से पांच नदियां मोरंड, गंजाल, भाजी, काजी और खंडू नदी निकलती हैं, जिनमें दो नदियां ताप्ती और तीन नदियां नर्मदा में मिलती हैं।

बैतूल जिले में कुकरू स्थित चोटी समुद्रतल से 1137 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। वर्ष 1906 में यहां कॉफी की खोज हुई थी। वर्ष 1944 में कुकरू में कॉफी बागान की स्थापना ब्रिटिश महिला मिस फ्लोरेंस हेंड्रिक्स ने की थी। लगभग 44 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह कॉफी बागान अंग्रेजों की पहली पसंद बना। इंग्लैंड और पोलैंड से आने वाले अंग्रेजों को यहां की कॉफी का स्वाद पसंद आता था। बैतूल जिला 10043 वर्ग किमी क्षेत्र में फैला हुआ है।

मध्यप्रदेश के जनगणना संचालन निदेशालय ने मध्यप्रदेश के बेतूल जिले की 2011 की आधिकारिक जनगणना का विवरण जारी किया है। जनगणना अधिकारियों द्वारा मध्यप्रदेश के बेतूल जिले में प्रमुख व्यक्तियों की गणना भी की गई। 2011 में बेतूल की जनसंख्या 15,75,362 थी, जिसमें पुरुष 7,99,236 और महिलाएं 7,76,126 थीं। 2001 की जनगणना में बेतूल की जनसंख्या 13,95,175 थी, जिसमें पुरुष 7,09,956 और शेष 6,85,219 महिलाएं थीं।

2001 की जनसंख्या की तुलना में जनसंख्या में 12.92 प्रतिशत का परिवर्तन हुआ। भारत की पिछली जनगणना 2001 में बेतूल जिले की जनसंख्या में 1991 की तुलना में 18.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। 2011 में बेतूल की औसत साक्षरता दर 68.90 थी, जबकि 2001 में भी यह 68.90 थी। लिंग के आधार पर पुरुष और महिला साक्षरता दर क्रमशः 76.65 और 60.94 थी। 2001 की जनगणना के अनुसार यही आंकड़े क्रमशः 76.81 और 55.58 थे।

बैतूल जिले में कुल साक्षर लोगों की संख्या 9,39,769 थी, जिनमें पुरुष 5,29,783 और महिलाएं 4,09,986 थीं। 2001 में बेतूल जिले में कुल साक्षर लोगों की संख्या 7,70,252 थी। बेतूल में लिंग अनुपात 971 प्रति 1000 पुरुष है, जबकि 2001 की जनगणना में यह आंकड़ा 965 था। जनगणना निदेशालय की 2011 की नवीनतम रिपोर्टों के अनुसार भारत का औसत राष्ट्रीय लिंग अनुपात 940 है।

2011 की जनगणना में बाल लिंग अनुपात 957 लड़कियां प्रति 1000 लड़के है, जबकि 2001 की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार यह 969 लड़कियां प्रति 1000 लड़के था। बेतूल जिले के धर्म संबंधी आंकड़े भी कम चौंकाने वाले नहीं हैं। जिले में जनसंख्या 2011 के अनुसार हिंदू कुल आबादी का 95.58 प्रतिशत (15,05,745), मुसलमान 2.39 प्रतिशत (37,590), ईसाई 0.21 प्रतिशत (3,271), सिख 0.07 प्रतिशत (1,078), बौद्ध 0.61 प्रतिशत (9,651), जैन 0.24 प्रतिशत (3,759) तथा अन्य 0.83 प्रतिशत (13,048) हैं। वर्ष 2011 की जनगणना में आदिवासियों को हिंदू में शामिल किया गया है।

बैतूल जिले की मुलताई के वन विभाग के वन विश्राम गृह परिसर में एक बरगद के पेड़ की डालियों से गिरने वाला बरसाती पानी दो अलग-अलग दिशाओं में बहता हुआ दो अलग-अलग नदियों से होकर दो अलग-अलग सागरों में मिलता है। ताप्ती पश्चिम तथा वर्धा पूर्व की ओर बहने वाली नदियां हैं। ताप्ती का पानी अरब सागर और वर्धा का पानी बंगाल की खाड़ी में मिलता है।

बैतूल जिले के खैरवानी गांव से निकली वर्धा नदी के किनारे सेवाग्राम, वर्धा बसा हुआ है, वहीं ताप्ती के किनारे जलगांव, भुसावल और सूरत जैसे महानगर बसे हुए हैं। बैतूल जिले में कोयले का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। इस जिले में 18वीं शताब्दी में अंग्रेजों ने अपने समुद्री जलपोतों के भाप से चलने वाले इंजनों के लिए कोयले की खोज की थी। सलैया के पास मौजूद रेल लाइन से कोयला इटारसी होते हुए मुंबई पहुंचता था। जिले के पाथरखेड़ा में वेस्टर्न कोलफील्ड्स की भूमिगत कोयला खदानें मौजूद हैं। समीप ही सतपुड़ा ताप विद्युत गृह है, जहां ताप बिजली पैदा की जाती है।

बैतूल जिले में ब्रिटिश काल से लेकर आजाद भारत में 1970 के दशक तक प्रख्यात हस्तियां और फिल्मी दुनिया के लोग शिकार करने आया करते थे। नागपुर के नरेंद्र कुमार साल्वे की कंपनी इन लोगों को परमिट जारी करती थी। जिले में सबसे अधिक शेर का शिकार करने का नाम जमशेद बट्ट के नाम दर्ज है।

बैतूल जिले के जंगलों में मिलने वाले बेशकीमती सागौन का उपयोग ब्रिटेन की महारानी विक्टोरिया के बकिंघम पैलेस और भारत की संसद में हुआ है। दुनिया की एकमात्र तिखाड़ी घास से निकलने वाला तिखाड़ी का तेल, जिसे बेतूल ऑयल कहा जाता है, वह बैतूल जिले की सीमा से लगे गांवों में निकाला जाता है। पूरी दुनिया में बेतूल जिले की अपनी विशिष्ट पहचान है। बैतूल के बारे में कहा जाता है कि पूरी दुनिया में बेतूल जैसा कोई अन्य नहीं है।

बैतूल का मतलब

भारत में 200 साल तक राज्य करने वाले ब्रिटिश हुक्मरानों ने जब बदनूर का नाम जिन अंग्रेजी के पांच अक्षरों से किया, उसके अनुसार—

बी – खिलने के लिए है, जो आपके जीवन की चमक को दर्शाता है।

ई – आसान जाने के लिए है, यह दर्शाता है कि आप अपना जीवन कितना सहज रूप से जी रहे हैं, क्योंकि यहां कोई झंझट नहीं है।

टी – कोशिश के लिए है, यह दर्शाता है कि आप कितना काम करते हैं और चीजों को बेहतर बनाने की कोशिश करते हैं।

यू – अटूट के लिए है, आप कभी निराश नहीं होते क्योंकि आपकी आत्मा मजबूत है।

एल – चमक के लिए है, आपकी चमक।

बैतूल जिले की ग्राम पंचायत सावंगा से बारहलिंग पैदल मार्ग पर स्थित हाथीखुर नामक स्थान पर शंखलिपि मौजूद है। पास बहने वाले नाले के किनारे पत्थरों पर मौजूद शंखलिपि को गुप्तकालीन बताया जाता है। बैतूल जिले में गुप्तकालीन शासन के कई प्रमाण तिवरखेड़ एवं नरखेड़ में ताम्रपत्र और सिक्कों के रूप में मिले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button