Murder Of School Child : मां को सबक सिखाने के लिए बच्चे को स्कूल से लाकर बीयर की बाटल से रेत दिया गला
मध्यप्रदेश के बैतूल में कक्षा दूसरी के छात्र की नृशंस हत्या, पीठ पर टंगा था स्कूल बैग

Murder Of School Child : बैतूल। बैतूल में विवाहिता से एकतरफा प्रेम करने वाले युवक ने जब उससे साथ रखने के लिए दबाव बनाया और उसने इंकार कर दिया तो बदला लेने के लिए उसके छह साल के बेटे का बीयर की बाटल से गला रेत डाला। यह निर्मम हत्या मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में सदर इलाके में मंगलवार को सुबह हुई। बच्चे की रक्त रंजित लाश जिसने भी देखी वह दहल उठा क्याेंकि पीठ पर स्कूल का बैग और पास में ही लंच ले जाने वाली बास्केट भी पड़ी हुई थी।

एसडीओपी बैतूल शालिनी परस्ते ने बताया कि बैतूल के सदर क्षेत्र में पुराने गैराज में छह वर्षीय बालक की शिवा बिहारे की कांच की बाटल से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक सदर के स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ रहा था और अपनी मां के साथ सदर क्षेत्र में रहता था। मृतक की मां संगीता बिहारे बैतूल में ही सुरक्षा गार्ड का काम कर रही है। उसके पति गांव में खेती करते हैं और वह किराये के मकान में रहकर बेटे को पढ़ा रही थी।

पुलिस को उसने बताया कि खिरकिया जिला हरदा के गणेश मीणा से उसकी जान पहचान हो गई थी। वह होटल में काम करता है।जान पहचान बढ़ने के बाद वह उसके साथ घर में रहने के लिए कई दिन से दबाव बना रहा था। महिला ने जब मना कर दिया तो वह धमकाने लगा और हर दिन रास्ते में रोकने, साथ रखने की बात करते हुए बेटे की हत्या करने तक की धमकी देने लगा था।
संगीता ने पुलिस को बताया कि उसने मंगलवार को सुबह अपने बेटे को स्कूल पहुंचाया और ड्यूटी पर चली गई थी। उसे पुलिस ने सूचना दी कि बेटे की हत्या हो गई है। वह तत्काल ही मौके पर पहुंची तो पता चला कि आरोपी गणेश मीणा सुबह करीब 11 बजे बेटे के स्कूल पहुंचा और वहां से उसे अपने साथ लेकर सदर में वीवीएम कालेज के पास राजेंद्र थामस के गैराज में पहुंच गया। वहां पर उसने बीयर की बाटल से शिवा का गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद जब वह भाग रहा था तब राजेंद्र थामस ने उसे रोका और पूछताछ की।
उसके पास झाेले की तलाशी ली तो उसमें खून से रंगा हुआ गमछा मिला। उसके हाथ , कपड़ों पर भी खून देखकर लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दे दी। लोगों ने गैराज में जाकर देखा तो वहां पर खून से सनी हुई बच्चे की लाश पड़ी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।




