Betul Collector’s Action : बैतूल तहसीलदार को सीएम हेल्प लाइन की शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर हटाया

बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी।

Betul Collector’s Action : बैतूल। सीएम हेल्प लाइन में दर्ज शिकायतों का निराकरण करने में नाकाम रहने पर बैतूल के तहसीलदार को हटा दिया गया है। मंंगलवार को समयसीमा की बैठक में कलेक्टर ने शिकायतों का निराकरण न करने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तहसीलदार गोवर्धन पाठे को हटाने के निर्देश दिए। उनके स्थान पर प्रदीप तिवारी को बैतूल तहसीलदार का कामकाज सौंपा गया है।

उल्लेखनीय है कि बैतूल जिला मई माह में सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में प्रदेश में 5वें स्थान पर था, जून माह में 6वें पायदान पर आ गया है। इस गिरावट का मुख्य कारण स्वास्थ्य और राजस्व विभागों का खराब प्रदर्शन रहा है, जो सी ग्रेड में शामिल हो गए हैं। सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग सिस्टम में विभागवार वेटेज के आधार पर रैंक तय की जाती है। जिले के प्रदर्शन को भी इसी आधार पर आंका जाता है।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी शिकायतों के निराकरण के आधार पर बने रेटिंग चार्ट के आधार पर बुधवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग की ब्लॉक लेवल अधिकारियों के साथ पुन: समीक्षा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासकीय कार्यों के निष्पादन के साथ अधिकारियों का यह भी दायित्व है कि लोक सेवक होने के नाते उनका व्यवहार आमजन के प्रति मैत्रीपूर्ण होना चाहिए। शासकीय कार्यों के निष्पादन तक ही सीमित ना रहे। आम जनता की शिकायत को भी प्राथमिकता से निराकृत करें। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि 5 जुलाई तक 75 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण के निर्देश दिए गए थे। अधिकतर विभाग टारगेट से अत्यधिक दूर है। यह स्थिति काम के प्रति आपकी गंभीरता को दर्शाता है।

अर्थदंड से किया जाएगा दंडित

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि आगामी बैठक में परफार्मेंस खराब मिलने पर अर्थदंड से दंडित किया जाएगा। दंड की राशि कम से कम 200 रुपए और अधिक से अधिक लोक सेवा गारंटी के तहत काम नहीं करने पर एक दिन के अर्थदंड से दंडित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप लोग कम से कम 75 प्रतिशत शिकायतों के निराकरण का लक्ष्य सुनिश्चित करें। बैठक में श्रम, जेल, ग्राम एवं कुटीर उद्योग, राजस्व, पीएचई, सिंचाई, स्कूल शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, सामाजिक न्याय, वन, ट्रायबल, खाद्य, आईटी योजना आदि विभागों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तहसीलदार, मुलताई, आठनेर, घोड़ाडोंगरी, शाहपुर, आमला, पट्टन, तहसीलदारों से भी वर्चुअली परफार्मेंस रिपोर्ट पर बिंदुवार चर्चा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button