बहुजन मुक्ति पार्टी ने केंद्र सरकार के खिलाफ शुरू किया राष्ट्रव्यापी आंदोलन।
बैतूल में लालटेन भेंट कर स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली का किया विरोध। 20 मई को होगा चूल्हा जलाओ आंदोलन, गैस सिलेंडर कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन । 31 मई को दे धक्का आंदोलन के जरिए पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि का विरोध।

बैतूल। बहुजन मुक्ति पार्टी ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी और शोषण के खिलाफ मई 2026 में राष्ट्रव्यापी चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत कर दी है। राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक वामन मेश्राम के नेतृत्व में यह आंदोलन तीन चरणों में देशभर में चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत 12 मई को लालटेन भेंट आंदोलन से हुई, जिसके तहत महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
बैतूल में डॉ. बीआर अंबेडकर चौक, नेहरू पार्क सदर में दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक धरना प्रदर्शन किया गया। इसके बाद शाम 5 बजे राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान स्मार्ट बिजली मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में जिलाधिकारी को लालटेन भेंट की गई।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव जनार्दन (जेडी) पाटिल, जिला प्रभारी सुखराम निरापुरे, प्रदेश उपाध्यक्षा पुष्पा मर्सकोले, प्रमिला भूमरकर, मिथिलेश नंदिनी जाऊरकर, रूपेश जावलकर, बाबूराव जावलकर, मनीष धोटे, बीएल मासोदकर, कमलेश पंडोले और इंजीनियर एसजी जाऊरकर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
दुर्गा वार्ड की महिलाओं ने क्षेत्र में बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर प्रशासन को प्रतिवेदन सौंपा। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने दुधमुंहे बच्चों के साथ चिलचिलाती धूप में शामिल रहीं।
पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन का दूसरा चरण 20 मई को चूल्हा जलाओ आंदोलन के रूप में होगा, जिसमें घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों का विरोध किया जाएगा। तीसरा चरण 31 मई को दे धक्का आंदोलन के रूप में आयोजित होगा, जिसमें पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।




