सामाजिक उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनिल राठौर नर्मदापुरम में सम्मानित

पूर्व विधायक शिव प्रसाद राठौर बतौर मुख्य अतिथि हुए आमंत्रित

बैतूल। संत शिरोमणि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की 388वीं जयंती पड़ोसी जिले नर्मदापुरम में क्षत्रिय राठौर समाज द्वारा हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर समाजजनों ने राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के जीवन, संघर्ष, साहस और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। आयोजन में पूर्व विधायक शिवप्रसाद राठौर को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, राठौर समाज के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सिंह राठौर एवं क्षत्रिय राठौर समाज बैतूल के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल राठौर ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराई ।

जयंती समारोह के दौरान सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजजनों का सम्मान भी किया गया। इसी क्रम में समाजहित में निरंतर सक्रिय रहकर किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए बैतूल निवासी एवं क्षत्रिय राठौर समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल राठौर को नर्मदापुरम राठौर समाज की इकाई द्वारा सम्मानित किया गया। समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।

अनिल राठौर के सम्मानित होने पर बैतूल सहित राठौर समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक शिव प्रसाद राठौर ने कहा कि समाज के विकास और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए। राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और युवा पीढ़ी को उनके जीवन से साहस, स्वाभिमान तथा राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा लेनी चाहिए।

जयंती समारोह के दौरान समाज की एकजुटता, सामाजिक सेवा और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ाने सहित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button