मानी पंचायत में 47 लाख के निर्माण कार्यों में गड़बड़ी का आरोप।

पुलिया और पंचायत भवन अधूरे, सरपंच-सचिव पर राशि निकालने के आरोप । जनपद सीईओ आठनेर को सौंपा आवेदन।

बैतूल। जनपद पंचायत आठनेर अंतर्गत ग्राम पंचायत मानी में निर्माण कार्यों में कथित भ्रष्टाचार सामने आया है। ग्राम पाट निवासी अशोक उइके ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत आठनेर को आवेदन सौंपकर सरपंच एवं सचिव पर पुलिया निर्माण और ग्राम पंचायत भवन निर्माण में अनियमितता एवं राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

शिकायत में बताया गया है कि ग्राम पंचायत मानी के मुख्य मार्ग स्थित तेलीकान नाला के पास पुलिया निर्माण कार्य 5वें वित्त आयोग मद से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि संबंधित निर्माण कार्य आज तक पूर्ण नहीं किया गया, जबकि सरपंच एवं सचिव द्वारा पूरी राशि का आहरण कर लिया गया है।

इसके अलावा ग्राम पंचायत भवन निर्माण कार्य, जिसकी स्वीकृत राशि 37.49 लाख रुपये बताई गई है, वह भी अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पंचायत भवन निर्माण की संपूर्ण राशि भी निकाल ली गई है, लेकिन कार्य पूर्ण नहीं कराया गया। दोनों निर्माण कार्यों की राशि का निजी उपयोग किया गया है। अशोक उइके ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई, गबन का प्रकरण दर्ज करने और अधूरे निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत मानी में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस जांच या कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे पंचायत में अनियमितताओं को बढ़ावा मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button