केसीसी के नाम पर 50 हजार हड़पने का आरोप, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के साथ एसपी के पास पहुंचा पीड़ित

दबंग व्यक्ति पर पैसा नहीं लौटाने और धमकी देने की शिकायत। परिजनों को जान से मारने की धमकी का आरोप

बैतूल। केसीसी के नाम पर 50 हजार रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम के साथ एसपी के पास पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जिले के भैंसदेही तहसील अंतर्गत ग्राम खोमई निवासी सुरेश पिता फतेसिंग सरियाम ने एसपी से शिकायत कर गांव के ही कुन्जबिहारी उर्फ गुड्डू शेखावत पर केसीसी के नाम पर पैसे हड़पने और धमकी देने का आरोप लगाया है।

शिकायत में सुरेश ने बताया कि वर्ष 2009 में कुन्जबिहारी ने उसे केसीसी बनवाने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि पूरा पैसा वह स्वयं जमा करेगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2009 को सुरेश के नाम से 50 हजार रुपए की केसीसी बनवाई गई। बैंक में दोनों के साथ जाने के दौरान सुरेश ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और कुन्जबिहारी पूरी राशि लेकर चला गया।

आरोप है कि समय बीतने के बावजूद कुन्जबिहारी ने राशि जमा नहीं की, जिससे ब्याज सहित बकाया करीब 1 लाख 30 हजार रुपए तक पहुंच गया है। सुरेश का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है और उसका बेटा भी उसे तथा उसके परिवार को मारपीट और जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई कर केसीसी की पूरी राशि दिलाने और सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उसने आशंका जताई कि भविष्य में उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी कुन्जबिहारी उर्फ गुड्डू शेखावत और उसके परिजनों की होगी। शिकायत के समय रामू टेकाम, मंगेश सरियाम, लोकेश भलावी और सुरेश सरियाम मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button