accident: चुनाव ड्यूटी से लौट रही बस पलटी, 21 जवान घायल, 9 गंभीर
एसडीओपी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

Betul Accident News: बैतूल। होमगार्ड और पुलिस जवानों से भरी बस एमपी 13 पी 2233 पलटने से कई जवान घायल हुए हैं। घायलों का इलाज शाहपुर अस्पताल और जिला अस्पताल में किया जा रहा है। होमगार्ड का दल छिंदवाड़ा में चुनाव ड्यूटी कर वापस राजगढ़ जा रहा था, इसी दौरान ये दर्दनाक हादसा हुआ।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये घटना बैतूल के शाहपुर थाना इलाका के नेशनल हाईवे बरेठा घाट पर घटित हुई। शनिवार की सुबह 4 बजे हुई, इस बस में 40 जवान सवार थे, हादसे में से 21 जवान घायल हो गए। 12 को कम चोट लगने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में भर्ती कराया गया है, वहीं 9 जवानों को ज्यादा चोट लगी थी, जिन्हें जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ से 240 होमगार्ड जवान की ड्यूटी छिंदवाड़ा चुनाव में लगी थी। चुनाव के बाद 34 होमगार्ड जवान और 6 पुलिसकर्मियों को बस वापस ले जा रही थी, इस दौरान यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बैतूल एसडीओपी शालिनी परस्ते जिला अस्पताल पहुंची और उन्होंने घायलों का हाल जाना। घायलों ने बताया कि रात करीब एक बजे छिंदवाड़ा से बस राजगढ़ के लिए निकली थी। अर्जुन गोंदी जोड़ की पुलिया के पास रास्ते में अचानक तेज आवाज आई और बस पलट गई।
घायलों में नरेंद्र सिंह, सज्जन सिंह, राहुल सोलंकी, रमेश, देवेंद्र वर्मा, अखिलेश बनवारी, मनोहर लाल, मुकेश, माधव सिंह, पर्वत सिंह, नारायण सिंह, असलम, दिनेश, राम सिंह, रामबाबू ,इंद्रपाल, भगवान सिंह, केलाराम, आसिफ अली, राहुल वर्मा, अखिलेश, दिनेश और अन्य शामिल हैं।




