ग्राम विकास और आजीविका पर हुआ क्षमतावर्धन प्रशिक्षण। प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों और नवांकुर सखियों को दिए प्रमाण पत्र।

बैतूल। भीमपुर सेक्टर के गुरुवा पिपरिया में ओम सांई राम समाज कल्याण समिति द्वारा ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्यों तथा नवांकुर सखियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के ब्लॉक समन्वयक राजू माड़वे के सहयोग से मेंटर्स लवकेश मोरसे, पूजा मोर्ले, विजेश ईरपाचे, नवीन गौतम और रोहित पचोरिया उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समिति के सदस्य, नवांकुर सखियां तथा बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आदर्श गांव बनाने का संकल्प लिया गया और भविष्य की कार्यप्रणाली पर चर्चा की गई।
बैठक में जल गंगा संवर्धन, स्वच्छता अभियान, शिक्षा के क्षेत्र में कार्य योजना तथा आजीविका के साधनों को बढ़ाने के विषय पर विस्तार से चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था द्वारा प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्यों, नवांकुर सखियों और उपस्थित छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।




