ऑउट सोर्स विद्युत कर्मियों के धरना स्थल पहुंचे “आप” कार्यकर्ता
ऑउट सोर्स विद्युत कर्मियों के धरना स्थल पहुंचे “आप” कार्यकर्ता
भाजपा ने पिछले 18 वर्ष से वोट की राजनीति कर जनता का किया दोहन: अजय सोनी
आम आदमी पार्टी ने संविदा ऑउट सोर्स विद्युत कर्मियों की हड़ताल को दिया समर्थन
बैतूल। संविदा ऑउट सोर्स विद्युत कर्मियों की हड़ताल और उनकी मांगों को जायज बताते हुए बुधवार को आम आदमी पार्टी ने धरना स्थल पर पहुंचकर धरना रत कर्मचारियों को समर्थन दिया। आम आदमी पार्टी ने सरकार से मांग की है कि तत्काल ही आउटसोर्स कर्मचारियों की मांगों को पूरा किया जाए। बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से बिजली व्यवस्था में जो अवरोध होगा उसकी जवाबदारी प्रदेश सरकार की होगी।
वोट की राजनीति कर रही भाजपा —
आम आदमी पार्टी बैतूल जिला अध्यक्ष अजय सोनी ने हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनते ही 35000 से ज्यादा संविदा कर्मियों को नियमित करने का कार्य मात्र 3 माह में ही कर दिया गया। वहीं मध्यप्रदेश में विराजमान 18 वर्षों से बीजेपी सरकार सिर्फ वोट की राजनीति के लिए उनका और उनके परिजनों का मात्र दोहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि 2018 में संपूर्ण मध्य प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की सरकार पर अपना भरोसा जताया था और 15 महीने के कार्यकाल में कमलनाथ की सरकार ने क्या क्या कार्य किया है वो प्रदेश की जनता से छुपा नहीं हैं उनके विधायकों ने जिस तरह से लोकतंत्र का गला घोंटने का कार्य किया और देश में प्रदेश की जनता के जनमत को शर्मसार करने का कार्य करोड़ों रुपए लेकर अपना जमीर बेचने का कार्य उनके द्वारा किया गया और वो विधायक बीजेपी में शामिल हुए ये किसी से छुपा नहीं है।
आप ने दी नियमित करने की गारंटी–
जिलाध्यक्ष अजय सोनी ने बताया कि गोवा में कांग्रेस के विधायकों की खरीद फरोख्त हुई, पूरा देश जान रहा हैं कि देश में क्या चल रहा हैं। आज तमाम अतिथि शिक्षक, संविदा कर्मी, आशा उषा कार्यकर्ता, अस्थाई स्वास्थ्य कर्मी, ठेका श्रमिक, ऑउट सोर्स विद्युत कर्मी सभी आज प्रदेश में चरण बद्ध तौर पर आंदोलन रत हैं। मध्यप्रदेश में इन कर्मियो की मांगों को पूरा नहीं किया जाता हैं तो प्रदेश के कर्मी भी झाड़ू चलाने में पीछे नहीं हटने वाले हैं। इन्होंने ही कुर्सी दिलाई हैं और ये और इनका परिवार ही कुर्सी से उतारने का कार्य आने वाले विधानसभा चुनाव में करेगा। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की गारंटी मध्यप्रदेश में बीजेपी कांग्रेस के जुमलों पर भारी पड़ेगी। अब मध्यप्रदेश में भी पंजाब की भगवत मान की सरकार की तर्ज पर सरकार बनते ही उन्हें नियमित करने का कार्य किया जाएगा। बैतूल में संविदा ऑउट सोर्स विद्युत कर्मियो ने जो मांग पत्र प्रस्तुत किया है उनके धरना स्थल पर उनकी इस मांग के लिए आम आदमी पार्टी सदैव उनके हितों का ध्यान रखते हुए तत्पर रहेंगी। धरना स्थल पर बैतूल विधानसभा अध्यक्ष ललित कुमार देशमुख, मनोहर पचोरिया, संतोष देशमुख एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।