विश्व पर्यावरण दिवस पर 5 जून को होगा महापौधारोपण अभियान।
हरित पर्यावरण–स्वस्थ जीवन थीम पर बैतूल में चलेगा विशेष अभियान। दैनिक खबरवाणी एवं नगर पालिका परिषद बैतूल की संयुक्त पहल। एक पेड़ लगाने का संकल्प दिलाएगा पर्यावरण दिवस कार्यक्रम।

बैतूल। लगातार बढ़ते तापमान, जंगलों की कटाई और तेजी से घटते ग्रीन कवर के कारण ग्लोबल वार्मिंग का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम में बदलाव, भीषण गर्मी, अनियमित वर्षा और जल संकट जैसी समस्याएं अब गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हरित क्षेत्रों को संरक्षित करने और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए समय रहते ठोस प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले वर्षों में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
बैतूल जिले में भी हरियाली में कमी और बढ़ते तापमान का प्रभाव महसूस किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर दैनिक खबरवाणी एवं नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा विशेष पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम हरित पर्यावरण–स्वस्थ जीवन रखी गई है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है।
– एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील
आयोजकों ने सभी प्रकृति प्रेमियों और नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर कम से कम एक पौधा लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है। उनका कहना है कि आज लगाया गया एक पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव बन सकता है। कार्यक्रम में वृक्षारोपण, हरित पर्यावरण जागरूकता अभियान और प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प मुख्य आकर्षण रहेंगे।
– क्रीड़ा परिसर हमलापुर में होगा मुख्य आयोजन
यह कार्यक्रम आज 5 जून शुक्रवार को सायं 4 बजे दुर्गा वार्ड स्थित क्रीड़ा परिसर, आदिवासी विभाग, हमलापुर, बैतूल में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके तथा आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे अपने करकमलों से पौधारोपण करेंगे। साथ ही नगर के पर्यावरण प्रेमी और नागरिक भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। दैनिक खबरवाणी एवं नगर पालिका परिषद बैतूल ने सभी नागरिकों से इस पर्यावरणीय मुहिम में सहभागी बनकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत कदम उठाने का आह्वान किया है।




