statue of mother India: विश्व की सबसे बड़ी भारत माता की प्रतिमा बरसाली में स्थापित करने की उठ रही मांग
शिवसेना संगठन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, बरसाली में है भारत का केंद्र बिंदु

बैतूल। भारत का केंद्र बिंदु कहलाने वाले बरसाली में शिवसेना संगठन ने भारत माता की प्रतिमा स्थापित करने और गंज प्राथमिक शाला को भारत माता रिसोर्ट एवं भारत माता मंदिर घोषित करने की मांग की है। संगठन ने गुरूवार को कलेक्टर को इस मामले में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही संगठन ने गौ हत्या बंद करने एवं इसके खिलाफ सख्त कानून बनाने का भी मुद्दा उठाया है।
शिवसेना जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोले एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजू चरपे ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी को अपनी मांगो का ज्ञापन सौंपा। संगठन की मांग है कि भारत देश का केंद्र बिन्दु जिला बैतूल में ग्राम बरसाली में स्थित है। जहां आज तक किसी भी शासन प्रशासन नेता, मंत्री आदि का ध्यान इस ओर नहीं गया कि उक्त केन्द्र बिन्दु पर विश्व की सबसे बड़ी भारत माता की सुंदर सी प्रतिमा स्थापित करना चाहिये। संगठन ने बैतूल गंज इलाके में डिस्मेंटल किए जा रहे प्रायमरी स्कूल की जगह भारत माता का मंदिर और रिसोर्ट बनाने की भी मांग की है। शिवसेना के विजेंद्र गोले का कहना है कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम भारत के केंद्र बिंदु में निवास करते हैं, बरसाली में यदि विश्व की सबसे बड़ी भारत माता की प्रतिमा स्थापित होगी तो बैतूल जिले का नाम पूरे विश्व में प्रसिद्ध होगा और यहां पर्यटक स्थल घोषित होने से जिले का आर्थिक विकास भी होगा। विजेंद्र गोले ने बताया कि विगत वर्ष भी शिवसेना संगठन ने एक ज्ञापन देकर जिला प्रशासन का इस ओर ध्यान आकर्षण किया गया था, लेकिन आज दिनांक तक आवेदन पर कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है। शिवसेना जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोले एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजू चरपे ने मांग की है कि 15 दिवस के अंदर शिवसेना को लिखित सूचनार्थ किया जाए। अन्यथा शिवसेना उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
— गौहत्या पर सख्त कानून बनाने की मांग —
शिवसेना ने एक अन्य ज्ञापन में गौ हत्या के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सम्पूर्ण मप्र में वैध एव अवैध रूप से बूचड़ खाने संचालित हो रहे है जिसमें आये दिन गौहत्या जैसी आपराधिक घटनाए होती रहती है। जैसा कि बैतूल जिले में रावनवाडी गांव में विगत वर्ष एक अवैध बूचड खाने पर गौमास मिलने पर कार्यवाही की गई जिस पर सख्त कानून ना होने की वजह से वैध एवं अवैध रूप से संचालित बूचडखानों के मालिकों के हौसले बुलंन्द है। जो कि अपराध करने के बाद भी आसानी से छूट जाते है। शिवसेना मांग करती है कि सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में होने वाले इस अपराध पर पूर्ण तरीके से अंकुश लगाकर सख्त कानून बनाकर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही कर उन्हें जमानत ना देकर कम से कम 3 वर्ष से 7 वर्ष का सश्रम कारावास दिया जाए। गौवंश तस्करी में जो भी वाहन पकड़े जाते है, उन पर राजसात की कार्यवाही कर जप्त वाहन को भी छोड़ा ना जाए। बैतूल जिले में जितनी भी गोशाला है। सबका 5 साल का रिकार्ड सार्वजनिक किया जाए। शिवसेना ने ज्ञापन की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री, आईजी होशंगाबाद, कमीश्नर, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक बैतूल को प्रेषित की है।




