city ​​problem: शहर के इस वार्ड में वर्षों से नहीं बनी सड़क, कच्ची नालियों में पसरी गंदगी

बोले वार्डवासी,क्या हमारा वार्ड शहर के मानचित्र से बाहर है, आखिर क्यों सड़क नहीं बन रही?

सड़क नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं से कोसों दूर विनोबा वार्ड की गली नंबर 2 के रहवासी

वार्ड में वर्षों से नहीं बनी सड़क, पक्की नाली नहीं बनने से बारिश के दिनों में घरों में घुस जाता है पानी

वार्ड के नागरिकों ने बताई समस्या, लोकसभा चुनाव को देखते हुए विरोध के उठने लगे स्वर

Betul news : बैतूल। एक तरफ सरकार जहां सड़क – बिजली – पानी और जनता की तमाम मूलभूत सुविधाओं को धरातल पर देने की बात कह रही है और बहुत सी जगहों पर सरकार ने अपने इन वादों को पूरा भी किया है तो वहीं बैतूल शहर के विनोबा नगर में सरकार के ही जनप्रतिनिधि चाहे वह सांसद हो, विधायक हो, पार्षद हो या फिर प्रशासनिक अधिकारी ये सभी सरकार के इन वादों को पलीता लगाते नजर आ रहे हैं।

विनोबा वार्ड की गली नंबर 2 के रहवासी पिछले कई वर्षों से सड़क, नाली निर्माण की आस लगाए बैठे हैं। करीब दो दशक से ही एक अदद सड़क और नाली को तरस रहे हैं। इसे लेकर गत बारिश के मौसम में वार्ड वासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को समस्या से अवगत भी कराया था। वहीं इसके पूर्व जनप्रतिनिधियों से भी सिर्फ आश्वासन ही मिले हैं। इसे लेकर वार्ड के लोगों में आक्रोश है।

विनोबा वार्ड गली नंबर 2 में रहने वाले मंगल पवार, गौतम तिवारी ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि शर्मा दाल मिल के सामने की गली में रोड व नाली विगत कई वर्षों से नहीं बन पाई है। वार्ड पार्षद को विगत कई वर्षों से बोला है पर ना तो नाली बनी है ना रोड। स्थिति यह है कि बारिश के दिनों में घरों में पानी घुस जाता है। कच्ची सड़क और नाली के कारण वार्ड की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। सड़क के लिए तरस रहे वार्ड के लोगों ने अब विरोध करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब अब आने वाले लोकसभा चुनाव में दिया जाएगा। मंगल पवार का कहना है कि हम सालों से सड़क की आस लगाए बैठे हैं। प्री मानसून की हल्की बारिश में घुटनों भर पानी भर जाता है। वर्षों पूर्व बना जर्जर रास्ता आज भी मौजूद है, लेकिन उस पर कोई भी निर्माण कार्य नहीं हो रहा है। जो मार्ग बना भी है उसी पर दो-दो फीट के गड्ढे हैं। इसके बाद भी स्थानीय जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े दावे करते है

— नहीं सुनी जा रही फरियाद–

गली नंबर 2 के रहवासियों का कहना है कि कई बार इस सड़क के लिए शिकायत की गई लेकिन हमारी फरियाद नहीं सुनी जा रही है। गली में आने-जाने के लिए काफी दिक्कतें हैं। छोटे वाहन भी इस मार्ग से नहीं आ पाते हैं। शिकायत के बावजूद भी हमारी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। आखिर हम जानना चाहते हैं कि क्या हमारा वार्ड शहर के मानचित्र से बाहर है, आखिर क्यों सड़क नहीं बन रही।

— गली नंबर 1 के लोगों ने सीएम हेल्पलाइन पर की शिकायत–

गौरतलब है कि गली नंबर एक का मसला परिसीमन के चक्कर में उलझा हुआ है। यहां दो वार्डों की सीमा के चक्कर में वार्ड वासियों को हर काम के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नाली की सफाई से लेकर विद्युत पोल पर लटक रहे तारों को भी व्यवस्थित नहीं किया जा रहा है। इस मामले की शिकायत वार्ड के लोगों ने सीएम हेल्पलाइन पर भी की है। इस गली के लोगों ने भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया है। इस गली का एक हिस्सा राजेंद्र वार्ड में आता है तो दूसरा हिस्सा विनोबा वार्ड में आता है। यही कारण है कि इस क्षेत्र की समस्या का स्थाई निराकरण नहीं हो पा रहा है।

इनका कहना….

शर्मा दाल मिल के सामने की गली में रोड व नाली विगत कई वर्षों से नहीं बन पाई है। वार्ड पार्षद को विगत कई वर्षों से बोला है पर ना तो नाली बनी है ना रोड। स्थिति यह है कि बारिश के दिनों में घरों में पानी घुस जाता है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई निराकरण नहीं हो रहा है।

मंगल पवार, गौतम तिवारी, वार्डवासी विनोबा नगर, गली नंबर 2

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button