Feeling program: दक्षिण वनमंडल के 6 परिक्षेत्र में एक माह में हुए 15 अनुभूति कार्यक्रम
शासकीय/अशासकीय विद्यालय और महाविद्यालय के 2 हजार बच्चे हुए शामिल

बैतूल। वन विभाग के ईको टूरिज्म बोर्ड द्वारा इस वर्ष भी स्कूली बच्चों के लिए एक माह का अनुभूति कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विभाग द्वारा अनुभूति कार्यक्रम में ईको कैम्प के माध्यम से छात्र-छात्राओं को वन और वन्यप्राणियों के प्रति संवेदनशील बनाते हुए प्रशिक्षित किया गया है। दक्षिण वन मंडल के डीएफओ विजयानन्तम टी.आर. ने बताया कि वनमंडल के 6 परिक्षेत्र में कुल 15 अनुभूति कार्यक्रम 1 जनवरी से 1 फरवरी 2024 तक आयोजित किए गए, जिसमें शासकीय/अशासकीय विद्यालय और महाविद्यालय के 2 हजार से अधिक बच्चे शामिल हुए। सभी बच्चों को कपड़ो से बना बैग, टोपी, शहद, अनुभूति पुस्तक, बैतूल के आस-पास के पक्षियों की पहचान पुस्तक प्रदान की गई। नवाचार के रूप में स्थानीय जनजातीय द्वारा अपनी संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कोरकू जनजातीय नृत्य प्रस्तुत किया गया।
— बच्चों को परोसा ऑर्गेनिक भोजन —
अनुभूति कार्यक्रम पूर्णतः प्लास्टिक फ्री आयोजित किया गया। बच्चों को भोजन एवं नाश्ता मोवाड़ वन समिति द्वारा बनाये गये दोना पत्तल में परोसा गया। बच्चों को स्थानीय एवं आर्गेनिक भोजन जैसे-कोदो-कुटकी चावल, मक्का रोटी, मिर्ची चटनी, कुकरू की रबड़ी भोजन में परोसा गया। इसके अलावा बच्चों को 03 किमी. वनभ्रमण करवाया गया एवं जंगलों के बारे में मास्टर ट्रेनर और प्रेरकों के द्वारा विविध जानकारी दी गई। वन विभाग द्वारा वनक्षेत्र में किये जा रहे प्लानटेशन, फारेस्ट फायर कंट्रोल, कैमरा ट्रैप टाईगर सेंसेस के बारे में डेमो दिखाया गया। आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विधायक से लेकर वनमंडलाधिकारी, जनपद सदस्य, सरपंच, समिति अध्यक्ष, सदस्य शामिल होकर बच्चों को वनों एवं पर्यावरण को बचाने के लिए अपने-अपने उद्बोधन दिये गये।
–“मैं भी बाघ” थीम पर दिखाई डाक्यूमेंट्री —
बच्चों को “मैं भी बाघ” थीम पर डाक्यूमेंट्री दिखाई गई। छात्र छात्रओं में चित्रकला रंगोली, कागज से बाघ बनाना, बगैर सिले कपडों से बैग बनाना एवं वन्यप्राणियों से संबंधित गेम्स एवं क्वीज का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरूस्कार वितरित किया गया। कार्यकम में, “मैं भी बाघ” थीम गान का गायन किया गया एवं प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण की प्रतिज्ञा के साथ अनुभूति कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
— यह है कार्यक्रम का उद्देश्य–
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण बैतूल (सा.) वनमंडल अंतर्गत विभिन्न परिक्षेत्रों में अनुभूति कार्यक्रम संपन्न हुआ। ईको पर्यटन विकास बोर्ड, भोपाल द्वारा प्रतिवर्ष प्रदेश के प्रत्येक वनमंडल / राष्ट्रीय उद्यान के प्रत्येक परिक्षेत्र में शासकीय/अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों के बच्चों को वन एवं वन्यप्राणियों के प्रति जागरूकता फैलाने और वन विभाग की कार्यप्रणाली के विषय में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से अनुभूति कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।




