Shivsena news:शहर के प्रमुख चौक चौराहे पर महापुरुषों की प्रतिमा लगाने शिवसेना ने शुरू की मुहिम
सांकेतिक बोर्ड सहित चौक चौराहों का नाम महापुरुषों और आंदोलनकारियों के नाम पर रखने का उठाया मुद्दा

बैतूल। शहर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए शिवसेना संगठन ने मुहिम शुरू कर दी है। शिवसेना के नवनियुक्त जिला प्रमुख प्रदीप जायसवाल ने शहर के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को प्राथमिकता से उठाना शुरू कर दिया है। गुरुवार 1 फरवरी को शिवसेना संगठन ने शहर के संपूर्ण विकास और चौक चौराहों के सौंदर्यीकरण के लिए कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, नगर पालिका अधिकारी सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर चौक चौराहों पर महापुरुषों एवं आंदोलनकारियों की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने चौक चौराहों पर सांकेतिक बोर्ड सहित चौराहों का नाम महापुरुषों और आंदोलनकारियों के नाम पर रखने की मांग की। जिला प्रमुख प्रदीप जायसवाल ने बताया कि बैतूल शहर के प्रमुख चौक चौराहों का वर्षों से नामकरण नहीं हो सका है। शहर में ऐसे कई चौक है जिन्हें महापुरुषों और आंदोलनकारियों के नाम से सजाया और संवारा जा सकता है, जिससे आने वाली पीढ़ी उनके संघर्षों से प्रेरणा ले सकें। इसी कड़ी में शिवसेना ने इस दिशा में मुहिम शुरू की है। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख शिवाजी चौक को पहले स्टेडियम चौक के नाम से जाना जाता था लेकिन वहां शिवाजी की प्रतिमा लगने के बाद आज वह शिवाजी चौक कहलाने लगा है। उन्होंने इसी तरह शहर के अन्य प्रमुख चौक चौराहा की दशा सुधारने की मांग की है।
जायसवाल ने बताया कि बैतूल शहर के अंदर मुख्य चौक चौराहे अपने नाम एवं सौदयीकरण से वंचित है एवं शहर के मुख्य चौक चौराहो की व्यवस्था ठीक-ठाक नहीं है। चौक-चौराहो पर कई जगह सांकेतिक बोर्ड भी नही है। मुख्य मार्गों के चौक चौराहो पर महान पुरूषों की मूर्तियों एवं (कलर लाइटिंग) स्थापित कर एवं आजू बाजू पौधारोपण कर सौंदर्यीकरण किया जाए।
— इन स्थानों पर प्रतिमा लगाने की मांग —
लल्ली चौक कोठीबाजार में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मुल्ला पेट्रोल पंप चौक कोठीबाजार झांसी की रानी, वीवीएम कॉलेज पानी की टंकी के पास।स्वामी विवेकानन्द, थाना चौक पर गौतम बुद्ध, नेहरू पार्क चौपाटी के गर्ल्स कॉलेज रोड पर रविन्द्र नाथ टैगौर, कमानी गेट पर राजा राममोहन राय,
गेंदा चौक सदर में भगवान कृष्ण, पुलिस कंट्रोल रूम चौक पर अशोक स्तम्भ, गंज टांगा स्टेंड चौक पर भगवान रामचन्द्र, दिलबहार चौक गंज में श्री संत रविदास, प्रायमरी स्कूल चौक गंज भारत माता, कांतिशिवा चौक गंज भवानी माता, गैस एजेंसी चौक गंज में गुरूनानक जी, बाबू चौक गंज में नेताजी सुभाषचंन्द्र बोस की प्रतिमा लगाने और चौक का नामकरण करने की मांग की गई।
— गुमठीधारी एवं चलित ठेले वालों को जीवन निर्वाह के लिये आर्थिक सहायता देने की मांग–
इसके साथ ही शिवसेना ने अतिक्रमण में हटाए गए दुकानदारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग कलेक्टर, नगर पालिका अधिकारी एवं मुख्यमंत्री से की है। जिला प्रमुख प्रदीप जायसवाल ने बताया कि कोठी बाजार मुल्लाजी के पेट्रोल पंप से लेकर लल्ली चौक तक रोड का निर्माण कार्य किया जाना है। रोड का कार्य शुरू होने के कारण समस्त दुकानदारों को नगर पालिका परिषद द्वारा बिना नोटिस दिये हटा दिया गया है। इसके पूर्व भी जिला प्रशासन द्वारा दुकानदारों को बार-बार हटाया जाता है जिसके कारण सभी दुकानदार बेरोजगार हो जाते हैं। आज भी यही स्थिति निर्मित हो गई। सभी दुकानदार बेरोजगार हो गये हैं। उनके पास अपनी जीविका चलाने का कोई साधन नहीं बचा है जिसके कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है।
— चौपाटी को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की मांग–
शहर के नेहरू पार्क के पास स्थित चौपाटी की दुकानें लगी हुई हैं। जहां पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है एवं लोगों द्वारा रास्ते के बीचों-बीच एवं आजू-बाजू में वाहन (दू व्हीलर एवं फोर व्हीलर) खड़े कर लिये जाते हैं जिसके कारण आये दिन रोज ट्रेफिक जाम होता रहता है जिसके कारण कई बार एक्सीडेंट हो जाते हैं। ट्रेफिक जाम होने की स्थिति में इमरजेंसी वाहन, एम्बुलेंस, अग्निशमक वाहन एवं यात्री बस को आने-जाने में दिक्कत होती है एवं आमजन को आने-जाने में भी असुविधा का सामना करना पड़ता है ऐसी स्थिति में शिवसेना ने चौपाटी को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की मांग की। विगत दिनों यहां रात्रि में 1 बजे किसी दुकान में गैस सिलेंडर फट गया था, गनीमत है कि यह घटना दिन में नहीं हुई नहीं तो यहां बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। जिला प्रमुख ने बताया कि इसके पूर्व भी प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है लेकिन आज दिनांक तक कार्यवाही नहीं की गई है। शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो शिवसेना संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।




