बड़ा हादसा: जबलपुर–अमरावती एक्सप्रेस से गिरकर साफ्टवेयर इंजीनियर की मौत

Fell From The Train: बैतूल । मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जबलपुर से अपने पिता का उपचार करवाने नागपुर ले जा रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई।
मृतक युवक के पिता को सुबह 3.58 बजे जब बेटा उसकी बर्थ पर दिखाई नहीं दिया तो पूरी ट्रेन में तलाश की। शुक्रवार सुबह नागपुर जीआरपी थाने में बेटे के लापता होने की सूचना दी। वहीं शुक्रवार सुबह धाराखोह स्टेशन के पास डाउन ट्रेक के किनारे किलोमीटर 837/2 के पास साफ्टवेयर इंजीनियर का शव मिला है। पुलिस ने शव बरामद कर शुक्रवार शाम को जिला अस्पताल में पीएम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
सिहोरा जबलपुर निवासी सुभाष मनोच ने बताया कि उनका नागपुर में उपचार चल रहा है। गुरूवार शाम को उनका पुत्र अमन मनोच (32) और वे जबलपुर अमरावती एक्सप्रेस से जबलपुर से नागपुर जा रहे थे। उनका आरक्षण एस वन कोच में था। रात में दोनों पिता-पुत्र अपनी-अपनी बर्थ में सो गए थे। सुबह 3.58 बजे उनकी नींद खुली तो उनका पुत्र अमन बर्थ पर नहीं था। उनके साथ यात्रा कर रहे सहयात्री ने बताया लगभग 2 बजे अमन ट्रेन में टायलेट की ओर गया था उसके बाद वापस नहीं आया।
उन्होंने ट्रेन की सभी बोगी में आवाज लगाकर पुत्र की तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं मिला। साथ ही उसका मोबाइल भी बंद था। उन्होंने नागपुर जीआरपी थाना में इसकी सूचना दी। इस दौरान वे लगातार अमन के मोबाइल पर कॉल कर रहे थे। सुबह लगभग 11 बजे उनके पुत्र के नंबर पर कॉल लगा तो फोन पुलिसकर्मीं ने उठाया। पुलिसकर्मी ने धाराखोह के पास रेल्वे ट्रेक किनारे शव मिलने से सूचना दी तब वे नागपुर से बैतूल आए। पाढर पुलिस चौकी में पदस्थ एएसआई जगदीश रैकवार ने बताया शुक्रवार सुबह धाराखोह में डाउन रेल्वे ट्रेक पर किलोमीटर 837/2 के पास युवक का शव मिलने की सूचना मिलने पर पुलिस ने धाराखोह पहुंचकर शव बरामद कर पीएम के लिए जिला अस्पताल लाए है। मृतक की शिनाख्त जबलपुर निवासी साफ्टवेयर इंजीनियर अमन मनोज पिता सुभाष मनोज (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जिला अस्पताल में पीएम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।




