राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता: 14 वर्ष आयु वर्ग में छह गोल्ड जीतकर महाराष्ट्र अव्वल

National Taekwondo Competition : बैतूल। पुलिस परेड मैदान में आयोजित की जा रही 67 वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के चौथे दिन 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के मुकाबले संपन्न हो गए। इन मुकाबलों में पहला स्थान महाराष्ट्र का रहा जबकि दूसरे स्थान पर मध्यप्रदेश के खिलाड़ी रहे। तीसरे स्थान पर तमिलनाडु रहा है। बुधवार को कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा प्रतियोगिता स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने मणिपुर एवं आसाम की 19 वर्ष बालिका वर्ग के मैच का अवलोकन किया।17 आयु वर्ग बालिका समूह के मेडलिस्ट को मेडल भी कलेक्टर द्वारा प्रदान कर उन्हें बधाई भी दी।

शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार तक 14 वर्ष आयु वर्ग के सभी मैचे पूर्ण हो चुके हैं। 14 वर्ष आयु वर्ग में महाराष्ट्र प्रथम, मध्य प्रदेश द्वितीय एवं तमिलनाडु तृतीय स्थान प्राप्त कर पाने में सफल रहे हैं। इस आयु वर्ग के सभी वजन वर्ग में 22 गोल्ड, 22 सिल्वर एवं 42 ब्रांज मेडल के लिए प्रतियोगिता संपन्न हुई। महाराष्ट्र द्वारा छह गोल्ड, एक सिल्वर और चार ब्रांज सहित 11 मेडल, मध्य प्रदेश द्वारा तीन गोल्ड, दो सिल्वर और तीन ब्रांज समेत कुल आठ मेडल प्राप्त किए। तमिलनाडु द्वारा दो गोल्ड, चार सिल्वर और चार ब्रांज कुल 10 मेडल प्राप्त किए।
इस प्रतियोगिता में सम्मिलित हो रहे राज्यों, केंद्र शासित प्रदेश और अन्य राष्ट्रीय स्तर के संगठन मिलकर 36 दल भाग ले रहे हैं। मेडल प्राप्ति तालिका में अब तक 22 दल स्थान प्राप्त कर पाने में सफल रहे हैं। बुधवार को 17 और 19 आयु वर्ग बालक बालिका वर्ग में विभिन्न वजन समूह के बीच मैच हुए। कुछ राज्यों के प्रतिभागियों के द्वारा बैतूल जिले के प्राकृतिक सौंदर्य एवं धार्मिक स्थलों का अवलोकन भी किया गया।




