Corona Positive: भोपाल में कोरोना के दो नए मरीज मिले, बढ़ते खतरे से सुरक्षित रहने की जरूरत

Corona संक्रमण: देश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर से बढ़ने लगा है। इससे मध्यप्रदेश भी अछूता नहीं है। भोपाल में भी अब तक तीन नए मरीज मिले हैं।
शनिवार को दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दोनों दूसरे राज्य से यात्रा कर भोपाल वापस आए हैं। इनकी जांच की गई और जांच रिपोर्ट में पाजीटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने दोनों मरीजों को होम आइसोलेट कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन पर नजर बनाए हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार संक्रमितों में एक की उम्र 23 वर्ष है और दूसरे की 58 वर्ष है। दो दिन पहले एक युवती भी कोरोना संक्रमित पाई गई थी। इससे पहले इंदौर, जबलपुर में भी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। सीएमएचओ डा.प्रभाकर तिवारी ने बताया कि भोपाल में कोरोना के तीन सक्रिय मरीज हैं। हालांकि किसी में भी अभी तक गंभीर लक्षण नहीं हैं इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।
कोरोना का संक्रमण बढ़ने के कारण स्वास्थ्य विभाग बेहद सतर्क हो गया है। भोपाल में 15 संदिग्धों के सैंपल जेपी अस्पताल से जांच के लिए भेजे गए हैं। वहीं अन्य अलग-अलग स्थानों से 11 सैंपल लिए गए हैं। भोपाल में शनिवार को कुल 26 लोगों की सैंपलिंग हुई। पाजीटिव आने पर मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जायेंगे।
सतर्कता की जरूरत:
भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.प्रभाकर तिवारी ने बताया कि कोविड का नया सब वैरिएंट सार्स काव-2 जेएन-1 खतरनाक नहीं है। इस सब वैरिएंट से पाजिटिव हुए रोगियों को अस्पताल में भर्ती किए जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। घर पर ही आइसोलेशन में रहते हुए सामान्य उपचार से इसके रोगी ठीक हो रहे हैं। इससे घबराने या भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।




