अजीब मामला: मानसिक रोगी निकली जिला शिक्षा अधिकारी बनकर चेंबर में कुर्सी पर बैठने वाली महिला
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में मचा रहा हड़कंप, पुलिस ने पूछताछ के बाद भाई के सुपुर्द किया

Betul News : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जिला शिक्षा अधिकारी बनकर एक महिला कार्यालय पहुंची और सीधे चेंबर में जाकर कुर्सी पर बैठ गई। उसके पहनावे और बातचीत के लहजे से कोई भी उसे नकली अधिकारी नहीं समझ पाया। जब जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे तो उनकी भी कुछ समझ नहीं आया। वे मोबाइल पर इधर-उधर आदेश के संबंध में पूछताछ करते रहे। जब महिला से उन्होंने पूछताछ की तो वह उन पर ही भड़कने लगी।
देखें वीडियो—-
इसके बाद हैरान परेशान जिला शिक्षा अधिकारी ने पुलिस की मदद ली। पुलिस ने पहुंचकर महिला को थाने लाया और जब पड़ताल की तो पता चला कि वह मानसिक रोगी है। इसके बाद उसके भाई से संपर्क कर उसके हवाले कर दिया गया। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी और उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। दरअसल गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला स्वयं को जिला शिक्षा अधिकारी बताते हुए कक्ष में जाकर कुर्सी पर बैठ गई। महिला के पहनावे से कार्यालय के कर्मचारी भी उसे अधिकारी समझकर कुछ कहने से बचते रहे। सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी डा अनिल सिंह कुशवाह कार्यालय पहुंचे और उनकी कुर्सी पर बैठी महिला से पूछताछ की। पहले तो वह शिक्षा विभाग से आदेश जारी होने का हवाला देती रही। महिला ने अपना नाम देवकी चौकीकर बताया और यह भी जानकारी दी कि इसके पहले वह दमोह जिले में जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत थी।
महिला के अजीब व्यव्हार को देखकर जिला शिक्षा अधिकारी कुशवाह ने भोपाल कार्यालय में संपर्क कर इसके संबंध में जानकारी ली तो वहां से बताया गया कि इस नाम का कोई अधिकारी नहीं है और न ही कोई आदेश ही जारी हुआ है। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली से महिला डेस्क प्रभारी अश्वनी चौधरी और अन्य महिला पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। महिला को कोतवाली लाकर पूछताछ की तो उसके मानसिक रूप से बीमार होने का पता चला। महिला के पास मिले मोबाइल में अंतिम बार जिस नंबर पर बात हुई थी उस पर फोन लगाया गया तो पता चला कि वह उसके भाई का है जो बैतूलबाजार के पास किसी गांव में निवास करते हैं। उन्हें महिला के बारे में बताया और कोतवाली बुलाया गया।
महिला के भाई ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसके पति शिक्षक हैं और कुछ महीने पहले ही दमोह जिले से स्थानांतरित होकर बैतूल आए हैं। महिला मानसिक रूप से बीमार है और उसका नागपुर के अस्पताल में उपचार चल रहा है।इसके पहले भी वह कई बार ऐसी ही हरकतें कर चुकी है। पुलिस ने महिला के बीमार होने की जानकारी मिलने पर भाई के सुपुर्द कर दिया।




