MP Election : ईवीएम में कैद हो जाएगा बैतूल के 49 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य
- 1581 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से प्रारंभ होगा मतदान

MP Election News: बैतूल। शुक्रवार को बैतूल जिले की पांच विधानसभा सीटों मुलताई, बैतूल, भैंसदेही, आमला और घोड़ाडोंगरी विधानसभा के लिए 1581 मतदान केन्द्रों पर 49 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला जिले के 123483 मतदाता करेंगे। इसमें 200424 मतदाता सर्विस वोटर के रूप में अलग से शामिल होंगे। अधिक से अधिक मतदान के लिए आमजन को आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा में एक-एक, पांच युवा मतदाता पोलिंग बूथ का निर्माण किया गया है। 103 पिंक बूथ एवं 80 प्लस एवं दिव्यांग बूथ भी हर एक विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए हैं। पिंक बूथ में सिर्फ महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ महिला सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती की गई है। गुरुवार को सभी मतदान केंद्रों पर मतदान दलों को सामग्री के साथ सुरक्षित पहुंचा दिया गया।कई स्थानों पर मतदान कराने के लिए जैसे ही दल केंद्रों पर पहुंचे तो लोगों ने ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।

निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमनबीर सिंह बैंस ने मतदान दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ चौधरी के साथ बैतूल जिले के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मतदाताओं के लिए दिशा निर्देशों के अनुरूप की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने 1581 मतदान केंद्र पर मतगणना दलों की उपस्थिति की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित मतदान के लिए जिले में 5560 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को आदर्श आचार संहिता के अनुक्रम में संपन्न करने के उद्देश्य से विधान सभा क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पुलिस द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए जिला पुलिस बल से 772, होमगार्ड से 194, कर्नाटक सुरक्षा से 1400, विशेष पुलिस बल 1793 एवं 191 नव आरक्षकों को निर्वाचन सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।
103 पिंक बूथ पर होगी महिला अधिकारी:
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पूर्व की भांति पोलिंग बूथ को विभिन्न वर्गों में विभाजित किया गया है। कुल पोलिंग बूथों से 103 पिंक बूथ बनाए गए हैं। इनमें सिर्फ महिला अधिकारी एवं महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें मतदान के लिए कोई बाध्यता नहीं है। 287 क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर निगरानी के लिए माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इनमें सर्वाधिक क्रिटिकल 63 बूथ बैतूल, 61 घोड़ाडोंगरी क्षेत्र, 60 भैंसदेही, 56 मुलताई एवं 47 आमला में बनाए गए हैं। 1294 बूथ सामान्य श्रेणी के बूथ है।
नवाचार में नव युवा मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से 5 युवा मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यह पांच मतदान केंद्र सभी विधानसभा क्षेत्र में एक-एक युवा पोलिंग बूथ बनाया गया है। 80 वर्ष से अधिक उम्र के एवं दिव्यांग मतदाता के लिए भी एक-एक बूथ प्रत्येक विधानसभा में बनाए गए हैं। युवा बूथ में सिर्फ यंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जबकि दिव्यांग केंद्र में दिव्यांग अधिकारी कर्मचारी की नियुक्ति की गई है। कर्मचारियों का भले ही वर्गीकरण किया गया हो, परंतु मतदाता किसी वर्ग के किसी भी बूथ पर वोट डाल सकते हैं।
कहां कितने प्रत्याशी मैदान में:
मुलताई विधानसभा क्षेत्र में 12 प्रत्याशी मैदान में है।इनके लिए 296 मतदान केंद्रों पर दो लाख 30 हजार 117 मतदाता मतदान करेंगे। इसके अलावा 636 सर्विस वोटर अतिरिक्त रूप में है। इनमें एक लाख 17 हजार 862 पुरूष मतदाता और एक लाख 12 हजार 249 महिला मतदाता है। छह मतदाता थर्ड जेंडर वर्ग से वोट डालेंगे। यहां 56 क्रिटिकल मतदान केंद्र हैं जबकि 240 सामान्य केंद्र है।आमला विधानसभा क्षेत्र में सात प्रत्याशी मैदान में हैं। आमला के 276 मतदान केंद्रों पर दो लाख 15 हजार 601 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें पुरूष एक लाख नौ हजार 278 एवं महिला वर्ग से एक लाख छह हजार 321। थर्ड जेंडर वर्ग से दो मतदाता के अतिरिक्त 646 सर्विस वोटर मतदान करेंगे।
बैतूल विधानसभा क्षेत्र में 13 प्रत्याशी मैदान में है। बैतूल के 297 मतदान केंद्रों पर दो लाख 54 हजार 797 मतदाता वोट डालेंगे। जिनमें एक लाख 29 हजार 142 पुरूष वर्ग से, एक लाख 25 हजार 745 महिला वर्ग से एवं 10 मतदाता थर्ड जेंडर वर्ग के शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 600 सर्विस वोटर अपने अधिकार का उपयोग करेंगे।घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में नौ प्रत्याशी मैदान में है। घोड़ाडोंगरी के 365 मतदान केंद्रों पर दो लाख 59 हजार 942 मतदाता अपने अधिकारों का उपयोग करेंगे। इनमें पुरूष वर्ग से एक लाख 31 हजार 95 एवं एक लाख 28 हजार 842 महिला वर्ग से, थर्ड जेंडर के पांच मतदाता के अतिरिक्त 375 सर्विस वोटर मतदान करेंगे। भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में आठ प्रत्याशी मैदान में हैं। भैंसदेही में 347 पोलिंग स्टेशन पर दो लाख 62 हजार 926 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें एक लाख 33 हजार 396 पुरूष, एक लाख 29 हजार 530 महिला वर्ग के अतिरिक्त 167 सर्विस वोटर अपने मतदान का प्रयोग करेंगे।
वोट डालने के लिए यह 12 फोटोयुक्त दस्तावेज रहेंगे मान्य:
आधार कार्ड, पेन कार्ड, पासपोर्ट, ड्रायविंग लाइसेंस, मनरेगा जाबकार्ड, फोटोयुक्त पासबुक, पेंशन दस्तावेज फोटो सहित, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, स्मार्ट कार्ड, सेवा पहचान पत्र, अधिकारिक पहचान पत्र और दिव्यांग यूनिक आइडी शामिल हैं।




