Vande Bharat : इंदौर-भोपाल वंदे भारत को नागपुर तक चलाने का रेलमंत्री को दिया सुझाव
नईदुनिया/ नवदुनिया द्वारा आयोजित फोरम में पूर्व रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य बंटी पेसवानी ने की चर्चा

Railway News: बैतूल। पूर्व रेलवे सलाहकार समिति सदस्य जीतेंद्र पेसवानी (बंटी) ने मंगलवार को रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से भोपाल में मुलाकात की। नईदुनिया/ नवदुनिया द्वारा होटल ताज में आयोजित किए गए फोरम में शामिल होने आए रेलमंत्री को श्री पेसवानी और व्यवसायी बबलू खुराना ने बताया कि वंदे भारत 20911 इंदौर-भोपाल ट्रेन को नागपुर तक बढ़ाया जाए। इंदौर के लिए पूर्व से जो ट्रेन चल रही है, उसमें सीट फुल रहती है, यदि इस ट्रेन को नागपुर तक बढ़ा देते हैं तो बहुत सुविधा होगी।

इस क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों, व्यापारियों और उद्यमियों की सुविधा के लिए भी वंदे भारत ट्रेन को नागपुर तक जल्द से जल्द शुरू करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करती है, तो चार जिले लाभान्वित होंगे। रेलमंत्री ने जल्द इस पर विचार करने का आश्वासन दिया। रेल मंत्री ने मुलताई, बैतूल , आमला रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प के संबध में बताया और मुलताई रेलवे स्टेशन कैसा बनेगा इसका चित्र दिखाया और उसकी विशेषताएं भी बताई।

पेसवानी ने बताया हमने मांग की है कि इस ट्रेन को उन रूट पर चलाना चाहिए जहां पर अभी इंदौर से चलने वाली ट्रेनों में वेटिंग या डिमांड ज्यादा है। इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस को इंदौर-नागपुर चलाने के लिए हमने प्रस्ताव दिया है। रेल मंत्री ने आश्वासन दिया है कि इस पर जल्द निर्णय लेंगे। रेल मंत्री ने बताया कि फिलहाल वंदे भारत एक्सप्रेस सीमित रेल मार्गों पर चलाई जा रही हैं। रेलवे की मंशा है कि इस ट्रेन से ज्यादा से ज्यादा शहरों को जोड़ा जाए। इन ट्रेनों के लिए रैक के उत्पादन की गति तो बढ़ाई है, लेकिन जितनी मांग है उस अनुरूप रैक बनाने में समय लगना स्वभाविक है। ऐसे में जो रैक वर्तमान में पटरी पर हैं उन्हीं का शत-प्रतिशत उपयोग कर ज्यादा से ज्यादा शहरों को तेज गति वाली ट्रेनों से जोड़ रहे हैं। ऐसे में भोपाल व आरकेएमपी में पूरे दिन खड़े रहने वाली दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस के रैको का उपयोग करने की रणनीति बना रहे हैं।

दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस का हो सकता है विस्तार:
भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस (20912) भोपाल से शाम 7.25 बजे चलकर रात 10.30 बजे इंदौर पहुंचती है। इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस (20911) इंदौर से सुबह 6.30 बजे चलकर सुबह 9.35 बजे भोपाल पहुंचती है। इस तरह यह रैक करीब 10 घंटे भोपाल में खड़ा रहता है। इस रैक को खजुराहो, ग्वालियर व नागपुर तक बढ़ाने में इसलिए दिक्कत नहीं है क्योंकि राजधानी, दुरंतो जैसी तेज गति वाली भोपाल से नागपुर पहुंचने में अधिकतम छह घंटे, वंदे भारत व राजधानी एक्सप्रेस ग्वालियर पहुंचने में अधिकतम चार घंटे और भोपाल- खजुराहो महामना एक्सप्रेस खजुराहो पहुंचने में अधिकतम 6.25 घंटे ले रही है। ऐसे में इंदौर से 3.06 घंटे में भोपाल पहुंचने वाली उक्त वंदे भारत एक्सप्रेस को आसानी से नागपुर, ग्वालियर व खजुराहो के बीच चलाया जा सकता है।




