Weather News: बैतूल जिले में मूसलधार बारिश से उफनी नदियां, सतपुड़ा और पारस डोह जलाशय के गेट खोले, नाले में बहा अधेड़

Betul News: बैतूल। जिले में मूसलधार बारिश ने नदी नालों में उफान ला दिया है। तेज बारिश जारी रहने से नदी नालों में बाढ़ की स्थित निर्मित हो गई है। ताप्ती नदी पर बने पारस डोह जलाशय के तीन गेट 70 सेमी की ऊंचाई पर खोल दिए गए हैं। सारनी के सतपुड़ा जलाशय के भी 7 गेट 11 फीट की ऊंचाई पर खोलकर तवा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। मुलताई में नाले पर बाढ़ होने के बाद भी पार करते समय अधेड़ बह गया है। पुलिस और प्रशासन की टीम उसकी तलाश कर रही है।

सारनी क्षेत्र में मोरडोंगरी नदी के पुल पर पानी आ जाने से आसपास के 10 गांवों का संपर्क सारनी से टूट गया है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री विपिन वामनकर ने बताया कि सुबह से हो रही तेज वर्षा की वजह से पारस डोह जलाशय में जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। सुबह तीन गेट 70 सेमी की ऊंचाई से खोले गए हैं। वर्षा जारी रही तो एक गेट और खोला जाएगा। इससे ताप्ती नदी में जल स्तर बढ़ गया है।
सारनी क्षेत्र में तेज वर्षा सुबह से हो रही है। इससे सतपुड़ा जलाशय में जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलाशय प्रबंधन के द्वारा सात गेट 11 फीट की ऊंचाई से खोल दिए हैं। इससे तवा नदी में बाढ़ की स्थिति बन गई है। सारनी से चोपना जाने वाले मार्ग पर आवाजाही बंद हो गई है।

मुलताई में पारेगांव रोड पर हम्माली का काम करने वाला 45 वर्षीय अधेड़ नाला पार करते समय बह गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। नाले के आसपास तलाश की जा रही है।




