Crime News : पुलिसकर्मियों को गाली देकर धमकाने वाले का निकाला जुलूस
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार, सार्वजनिक रूप से मांगी माफी

Betul Police News : बैतूल। नगर के सदर क्षेत्र में पुलिसकर्मियों को गाली गलौज कर धमकाने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर पैदल जुलूस निकाला। आरोपी के द्वारा अब सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सदर के कारगिल चौक पर पिछले दिनों रात करीब दो बजे डायल 100 के वाहन को ओवरटेक करने पर सदर निवासी विकारउद्दीन खान उर्फ एंडी पिता रियाजुद्दीन खान ने वाहन को रोका और पुलिसकर्मियों को जमकर गालियां दीं। इतना ही नहीं उन्हें धमकाने से भी नहीं चूका। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल होने पर कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष पवार ने तत्काल ही आरोपी की तलाश प्रारंभ की और वीडियाे से पहचान होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के खिलाफ धारा 151 107 ,116 (3) का प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने सोमवार को आरोपी विकारउद्दीन खान उर्फ एंडी पिता रियाजुद्दीन खान ,निवासी गेंदा चौक सदर ,उम्र 22 वर्ष का काेतवाली थाना से पैदल जुलूस निकाला और न्यायालय में पेश करने से पहले जिला अस्पताल ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। पुलिस के द्वारा पैदल जुलूस निकालकर यह संदेश देने का प्रयास किया है कि नगर में गुंडे, बदमाशों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी विकारउद्दीन खान उर्फ एंडी पिता रियाजुद्दीन खान निवासी गेंदा चौक सदर उम्र 22 वर्ष द्वारा सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी गई और अपने द्वारा किए गए कृत्य को दाेबारा न करने का भरोसा भी दिलाया है।




