Heavy Rain: बैतूल के भीमपुर ब्लाक में 24 घंटे में 8.5 इंच वर्षा
सतपुड़ा के पांच और पारसडोह डेम के गेट खोले

Heavy Rain: बैतूल। जिले में सोमवार शाम से शुरू हुई झमाझम वर्षा गुरुवार को भी जारी है। इससे नदी नालों में भरपूर पानी बहने लगा है।
बैतूल के भीमपुर ब्लाक में 24 घंटे में 8.5 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जबकि बैतूल ब्लाक में 2 और चिचोली ब्लाक में 4 इंच वर्षा हुई है। लगातार वर्षा से जिले के जलाशयों में भी जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलाशयों की सुरक्षा के लिए जल स्तर सुरक्षित लेबल पर बनाए रखने के लिए गेट भी खोले जा रहे हैं।
जिले के सारणी में सतपुड़ा ताप विद्युत गृह के सतपुड़ा जलाशय का एक और सिंचाई विभाग के पारसडोह जलाशय के दो गेट खोलकर ताप्ती नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।

पहाड़ी क्षेत्रों में तेज वर्षा से सारणी के सतपुड़ा जलाशय में जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। विद्युत गृह प्रबंधन द्वारा मंगलवार रात में जलाशय के पांच गेट दो –दो फीट की ऊंचाई पर खोलकर तवा नदी में प्रति सेकंड 8360 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। रात करीब 12 बजे चार गेट बंद कर दिए गए और एक गेट बुधवार से गुरुवार सुबह तक खुला रखा गया है।
मुलताई तहसील में ताप्ती नदी पर बनाए गए पारस डोह जलाशय में भी जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। 31 जुलाई तक जलाशय में जल स्तर 636.07 फीट बनाए रखना है। मंगलवार रात में जल स्तर 636.62 फीट पर पहुंच गया था। इसी वजह से जलाशय के दो गेट 30–30 सेमी खोलकर ताप्ती नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के द्वारा प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई है ताकि ताप्ती नदी के किनारे के क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा सके। गुरुवार को भी दो गेट खुले हुए हैं जिनसे 72.82 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड बाहर निकाला जा रहा है।
24 घंटे में 52 मिमी वर्षा दर्ज:
बैतूल जिले में बुधवार सुबह आठ बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक 52 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा भीमपुर विकासखंड में 215 मिमी हुई है। गुरुवार सुबह से वर्षा का दौर जारी रहने से जन जीवन खासा प्रभावित हो रहा है। जिले में इस सीजन में अब तक 321.3 मिमी वर्षा दर्ज की जा चुकी है जबकि गत वर्ष इस अवधि में 490.5 मिमी वर्षा हुई थी।




