ACTION : PWD के कार्यपालन यंत्री को शोकाज नोटिस, छीने जाएंगे गैर विभागीय कार्य

कलेक्टर आईएएस अमनबीर सिंह बैंस ने पीआईयू के ठेकेदारों से पेनाल्टी वसूलने के दिए निर्देश

Betul News Today : बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में लोक निर्माण विभाग के द्वारा कराए जा रहे कार्याें में गुणवत्ता को ताक पर रखा जा रहा है। इतना ही नहीं कलेक्टर आईएएस अमनबीर सिंह बैंस के समक्ष बैठकों में गलत जानकारी भी दी जा रही है। इससे नाराज होकर कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने सोमवार को जिले के निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कहा कि क्यों न उनसे दो माह के वेतन की वसूली की जाए।

दरअसल सोमवार को कलेक्टर ने विभिन्न विभागों अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की स्थिति की सही जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने, कार्यों में गुणवत्ता का अभाव एवं लेटलतीफी मिलने पर लोक निर्माण विभाग से गैर विभागीय कार्य नहीं करवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कार्य पूर्णता की गलत जानकारी बैठकों में न दी जाए। संतोषप्रद जानकारी न दी जाने पर उनके द्वारा ईई के खिलाफ कार्रवाई कर दी है।

 

बैठक में परियोजना क्रियान्वयन एजेंसी अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने चूनालोहमा एवं केरपानी के स्कूल भवन में 10-10 अतिरिक्त कक्षों के निर्माण कार्य में विलंब होने पर ठेकेदार पर पेनॉल्टी अधिरोपित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सीनियर बालक आदिवासी छात्रावास निश्चिपुर, मेंढाछिंदवाड़, बोरदेही के भवन निर्माण कार्य में विलंब होने पर संबंधित ठेकेदारों पर पेनॉल्टी अधिरोपित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में महिला बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

इसके अलावा सहकारिता, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं अन्य विभागों के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी कलेक्टर ने समीक्षा की एवं समय पर कार्य पूर्णता के निर्देश दिए। जो ठेकेदार निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब कर रहे है उनके विरूद्ध कार्यवाही के लिए कलेक्टर ने निर्देश दिए है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button