कांग्रेस की सह-प्रभारी उषा नायडू 21 को आएंगी बैतूल

बैतूल। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की तैयारियों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस की सह-प्रभारी उषा नायडू 21 अगस्त को बैतूल जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगी।
इस दौरान दौरान जिला कांग्रेस प्रभारी सुनील उइके भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। वे विभिन्न बैठकों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना को लेकर पदाधिकारियों के साथ समन्वय करेंगे।
सह-प्रभारी उषा नायडू जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति, बूथ स्तर की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा करेंगी। जिला कांग्रेस कमेटी ने उनके संशोधित दौरे का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
जिला संगठन महासचिव ब्रजभूषण पांडे ने बताया कि सह प्रभारी उषा नायडू के दौरे की शुरुआत सुबह 11 बजे घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर से होगी। यहां वे ब्लॉक कमेटी, नगर कमेटी, मंडल और पंचायत कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। बैठक में पंचायत अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, बीएलओ-2 सहित जिला कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी और ब्लॉक स्तर के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की जाएगी।
शाहपुर के बाद दोपहर 2 बजे नायडू बैतूल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम महदगांव पहुंचेंगी। यहां वे महदगांव कांग्रेस पंचायत कमेटी की विशेष बैठक में शामिल होकर ग्रामीण कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को और सक्रिय करने तथा पार्टी की गतिविधियों को पंचायत स्तर तक मजबूत करने को लेकर चर्चा होगी।
इसके बाद दोपहर 3 बजे वे जिला मुख्यालय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगी, जहां जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक लेंगी। इस बैठक में जिले में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।




