बौद्ध विरासतों के संरक्षण के लिए राष्ट्रव्यापी आंदोलन, 20 अगस्त को बैतूल में धरना, 19 अक्टूबर को नागपुर में महारैली

बैतूल। देशभर की बौद्ध पुरातात्विक विरासतों के संरक्षण और दीक्षाभूमि नागपुर के सर्वांगीण विकास की मांग को लेकर बुद्धिस्ट इंटरनेशनल नेटवर्क ने चार चरणों में राष्ट्रव्यापी विरासत बचाओ आंदोलन की घोषणा की है। आंदोलन के पहले चरण में सोमवार 17 अगस्त को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, राज्यपाल और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक के नाम ज्ञापन सौंपा गया। बैतूल में दिए गए ज्ञापन में जिले के सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

आंदोलन के दूसरे चरण में गुरुवार 20 अगस्त को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक डॉ. बी.आर. आंबेडकर चौक, नेहरू पार्क, सदर बाजार बैतूल में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। तीसरे चरण में 22 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर विशाल प्रदर्शन रैलियां और चौथे चरण में 19 अक्टूबर को नागपुर में राष्ट्रीय स्तर की महारैली एवं सभा आयोजित की जाएगी।

आंदोलन की प्रमुख मांगों में दीक्षाभूमि के विकास के लिए माता कचहरी की 16.5 एकड़ और कॉटन रिसर्च इंस्टीट्यूट की 3.5 एकड़ जमीन तत्काल हस्तांतरित करना, 1949 के बोध गया मंदिर अधिनियम को निरस्त करना तथा नागपुर में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध एवं पालि विश्वविद्यालय की स्थापना करना शामिल है। इसके अलावा नागपुर के आदम स्तूप और भंडारा जिले के पवनी स्तूप के संरक्षण में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की कथित उदासीनता के खिलाफ भी विरोध जताया गया है।

बुद्धिस्ट इंटरनेशनल नेटवर्क संगठन का कहना है कि दीक्षाभूमि में देश-विदेश से लाखों अनुयायी पहुंचते हैं, लेकिन जगह की कमी के कारण पार्किंग, स्वच्छता, साहित्य स्टाल, आवास तथा अन्य सुविधाओं की समस्याएं बनी हुई हैं। संगठन ने आदम स्तूप और पवनी स्तूप की जीर्णावस्था तथा वहां हो रहे अन्य निर्माण और गतिविधियों पर भी चिंता जताई है।

संगठन ने नागपुर में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध एवं पालि विश्वविद्यालय की स्थापना को बौद्ध ज्ञान-परंपरा को वैश्विक अकादमिक मंच से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। साथ ही निर्णय प्रक्रिया में पारदर्शिता और प्रस्ताव को सार्वजनिक करने की मांग की गई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि बौद्ध विरासतों के संरक्षण और सुरक्षा की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को उग्र करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। भारत मुक्ति मोर्चा, भारतीय विद्यार्थी मोर्चा और बुद्धिस्ट इंटरनेशनल नेटवर्क की जिला इकाई बैतूल ने 20 अगस्त के धरना प्रदर्शन में लोगों से स्वयं और सपरिवार शामिल होने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button