देशभक्ति के रंगों में रंगा माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषणों से राष्ट्रप्रेम और अनुशासन का दिया संदेश

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा परिसर
बैतूल। माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल, बैतूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में श्री अग्रसेन महाराज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर अनिल राठौर मुख्य अतिथि रहे। माइंड्स आई इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर डॉ. ओ. पी. राठौर और श्री अग्रसेन महाराज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सचिव डॉ. रिशांक राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों और आकर्षक देशभक्ति थीम से सजाया गया था। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत भाषण, गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। ऑपरेशन सिंदूर, देश है वीर जवानों का, भारत ये रहने दो और लहरा दो तिरंगा जैसे देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में देश के प्रति प्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना दिखाई दी।
विद्यार्थियों के प्रेरणादायी भाषणों और मधुर देशभक्ति गीतों से समारोह भावपूर्ण हो गया। इस दौरान विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि अनिल राठौर ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और देश के विकास में युवा पीढ़ी की भूमिका के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि देश का उज्ज्वल भविष्य इन्हीं नन्हे नागरिकों के हाथों में है। डॉ. ओ. पी. राठौर ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। डॉ. रिशांक राठौर ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार का यह आयोजन सभी के लिए देशप्रेम और उत्साह से भरा यादगार अवसर रहा।





