जयस ने चंद्रशेखर (राजा) धुर्वे को बनाया छात्र संघ चुनाव का प्रदेश प्रभारी

बैतूल। मध्यप्रदेश में आगामी छात्र संघ चुनाव की तैयारियों को लेकर जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा निर्णय लिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल मरकाम ने चंद्रशेखर (राजा) धुर्वे को मध्यप्रदेश छात्र संघ चुनाव का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें प्रदेशभर में छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर चुनाव से जुड़ी आगामी संगठनात्मक प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल मरकाम ने जारी आदेश में कहा कि संगठन के उद्देश्यों, विचारधारा एवं सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने तथा मध्यप्रदेश में आगामी छात्र संघ चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए चंद्रशेखर (राजा) धुर्वे को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
आदेश के अनुसार प्रदेश प्रभारी धुर्वे प्रदेश के समस्त संभागों में सक्रिय एवं योग्य कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद संभागीय प्रभारियों का चयन कर उनकी सूची तैयार करनी होगी। यह सूची 16 अगस्त 2026 की शाम तक प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल मरकाम ने विश्वास जताया कि चंद्रशेखर धुर्वे अपने अनुभव एवं संगठनात्मक क्षमता का उपयोग करते हुए छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करेंगे। उनके नेतृत्व में छात्र संगठन को प्रदेश स्तर पर मजबूती मिलने तथा आगामी छात्र संघ चुनाव की तैयारियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई है।




