महाराष्ट्र के सांसद की निधि से बदलेगी एमपी के इस गांव की तस्वीर, सरपंच के प्रयास रंग लाए

सावंगी के शिवाजी चौक के कायाकल्प के लिए 10 लाख रुपये मंजूर

सावंगी/प्रभातपट्टन। सीमावर्ती ग्राम पंचायत सावंगी ने विकास के क्षेत्र में एक अनूठी मिसाल पेश की है। पहली बार महाराष्ट्र के अमरावती से राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल एस. बोंडे की सांसद निधि (एमपीएलएडीएस) से मध्य प्रदेश के इस गांव के लिए 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। इस राशि से शिवाजी चौक पर चबूतरा एवं पेविंग ब्लॉक का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी संपन्न हो चुका है।

ग्राम पंचायत की सरपंच सुजाता राउत के लगातार प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई है। स्थानीय स्तर पर संसाधनों की सीमाओं के बीच उन्होंने महाराष्ट्र के सांसद से संपर्क कर गांव के विकास के लिए निधि स्वीकृत कराई। ग्रामीण इसे अंतरराज्यीय सहयोग का दुर्लभ उदाहरण मान रहे हैं।

सरपंच सुजाता राउत के कार्यकाल में पंचायत में आधुनिक कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, ओपन जिम, कंक्रीट सड़कें, नालियां और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसे कई विकास कार्य भी किए गए हैं। अब शिवाजी चौक के सौंदर्यीकरण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

यह मामला प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। दूसरे राज्य के सांसद की निधि से मध्य प्रदेश के गांव में विकास कार्य स्वीकृत होने के कारण जिला योजना कार्यालय को विशेष प्रक्रिया के तहत प्रस्ताव का निष्पादन करना पड़ा।

सरपंच सुजाता राउत ने कहा कि उनका लक्ष्य सावंगी को हर आवश्यक सुविधा से सुसज्जित आदर्श गांव बनाना है। विकास के लिए यदि दूसरे राज्यों के जनप्रतिनिधियों का सहयोग भी लेना पड़े तो वे पीछे नहीं हटेंगी। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल साबित करती है कि विकास के लिए सीमाएं नहीं, मजबूत इच्छाशक्ति मायने रखती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button