जामठी स्कूल पहुंचीं जिला शिक्षा अधिकारी पूनम वरकड़े, कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से की बातचीत, अध्यापन कराया

जेईई-नीट की तैयारी पर दिया मार्गदर्शन 

बैतूल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामठी में शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री पूनम वरकड़े एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी.ई.ओ. अशोक पाटिल, विधि प्रकोष्ठ के एसआर डोंगरे द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री पूनम वरकड़े स्वयं कक्षाओं में पहुंचीं और विद्यार्थियों को अध्यापन भी कराया। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करते हुए उच्च लक्ष्य निर्धारित करने की सीख दी। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

बाद में जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री पूनम वरकड़े ने विद्यालय के समस्त शिक्षकों के साथ बैठक कर शैक्षणिक गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करें तथा उन्हें आवश्यक शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा विद्यालयीन वातावरण का भी अवलोकन किया गया। इस अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामठी का संपूर्ण शिक्षक स्टाफ उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button