मंडी शुल्क वृद्धि के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, कल सौंपेगी ज्ञापन
किसानों-व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ का आरोप, कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

बैतूल। मध्यप्रदेश में मंडी शुल्क बढ़ाए जाने के निर्णय के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने आंदोलन का ऐलान किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने बताया कि 31 जुलाई को कांग्रेस के उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष धीरेंद्र (धीरू) शर्मा के नेतृत्व में मंडी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क 1.5 प्रतिशत किए जाने के निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की जाएगी।
कांग्रेस का कहना है कि मंडी शुल्क में वृद्धि से कृषि उपज के व्यापार की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर किसानों, व्यापारियों तथा लघु एवं मध्यम उद्योगों पर पड़ेगा।
कांग्रेस ने यह भी आशंका जताई है कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में मध्यप्रदेश में अधिक मंडी शुल्क लागू होने से व्यापार दूसरे राज्यों की ओर स्थानांतरित हो सकता है। इससे प्रदेश के व्यापार, निवेश और रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। पार्टी का आरोप है कि यह निर्णय व्यापारी संगठनों और संबंधित हितधारकों से पर्याप्त चर्चा किए बिना लिया गया है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मंडी शुल्क वृद्धि का निर्णय वापस नहीं लिया और मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेशभर में किसानों और व्यापारियों के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन की होगी। ।




