अमित राज राठौर बने खाद्य सुरक्षा अधिकारी।

बैतूल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित खाद्य सुरक्षा अधिकारी परीक्षा-2025 के परिणाम में टिकारी निवासी शिक्षक मुन्नालाल राठौर एवं माता राजमति राठौर के सुपुत्र अमित राज राठौर का चयन खाद्य सुरक्षा अधिकारी पद पर हुआ है।
अमित राज राठौर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर टिकारी से प्राप्त की, जिसके बाद उन्होंने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल से आगे की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से स्नातक स्तर की शिक्षा पूर्ण की। अपनी शैक्षणिक यात्रा के दौरान उन्होंने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार, अमित राज राठौर एमपीपीएससी की विभिन्न परीक्षाओं के कुल 5 इंटरव्यू में भी सम्मिलित हो चुके हैं, जो उनकी निरंतर तैयारी और आत्मविश्वास को दर्शाता है। उन्होंने यह सफलता अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ निश्चय के बल पर हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों में हर्ष और गर्व का माहौल व्याप्त है।




