मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी अभियान के तहत 110 परिवारों को वितरित किए डस्टबिन।

गांवों में चली स्वच्छता जागरूकता मुहिम, डस्टबिन वितरण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

बैतूल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर करुणा: सोसायटी फॉर डेवलपमेंट ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। आरती फाउंडेशन, मुंबई के वित्तीय सहयोग से जनपद पंचायत प्रभात पट्टन के अंतर्गत इंदिरा नगर, ग्राम पावल और ग्राम सोमगढ़ में आयोजित इस अभियान के माध्यम से 110 परिवारों को डस्टबिन वितरित कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

संस्था पिछले 11 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं दस्तावेजीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इसी क्रम में विश्व पर्यावरण दिवस पर कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। अभियान के तहत इंदिरा नगर के 25, ग्राम पावल के 53 तथा ग्राम सोमगढ़ के 32 परिवारों सहित कुल 110 परिवारों को घरेलू कचरा संग्रहण के लिए डस्टबिन प्रदान किए गए।

संस्था के प्रतिनिधि रुजुल त्रिवेदी ने कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में एकत्र कर निर्धारित कचरा वाहन में डालने की आदत स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं कुलदीप मालवी ने कहा कि स्वच्छता आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है और सभी को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।

अभियान के दौरान ग्रामीणों ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए स्वच्छ और स्वस्थ गांव बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्था की फेलो सीमा नायक, स्टाफ सदस्य पूजा जगदेव, अखिलेश जगदेव, अंजीरा बिहारे एवं ग्रामीणजन का सहयोग रहा। अभियान की परिकल्पना एवं नेतृत्व विजय विश्वकर्मा ने किया, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button