विश्व पर्यावरण दिवस पर माचना नदी को स्वच्छ और सदानीरा बनाए रखने का लिया संकल्प।
माचना घाट पर श्रमदान और पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश। पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाली संस्थाओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान।

बैतूल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को माचना नदी के दामादैय्यत घाट पर नगर पालिका परिषद बैतूल और मप्र जन अभियान परिषद के सहयोग से घाट सफाई, सामूहिक श्रमदान, पौधरोपण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उईके, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं पर्यावरणविद् मोहन नागर तथा कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
अतिथियों एवं नागरिकों ने माचना नदी घाट की सफाई कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने पर्यावरण संरक्षण को आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी बताते हुए नागरिकों से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की। वहीं मोहन नागर ने माचना नदी को स्वच्छ और सदानीरा बनाए रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने माचना नदी संरक्षण और जिले में हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, सीएमओ नवनीत पांडे, तहसीलदार पूनम साहू, जिला परियोजना समन्वयक प्रिया चौधरी सहित अनेक समाजसेवी, पर्यावरणविद् और नागरिक उपस्थित रहे। समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्रीन टाइगर संगठन, माचना नदी से जलकुंभी निष्कासन में योगदान देने वाली मछुआरा टीम तथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




