विश्व पर्यावरण दिवस पर भोपाली में होगा नदी स्वच्छता अभियान।

अखिल विश्व गायत्री परिवार का पर्यावरण सुरक्षा हेतु अभिनव प्रयास।

बैतूल। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरीतिमा संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान और निर्मल गंगा अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम छोटा महादेव ग्राम भोपाली में 5 जून को प्रातः 7.30 बजे से प्रारंभ किया जाएगा। जिला पर्यावरण प्रभारी नर्मदा प्रसाद सोलंकी ने बताया कि देनवा नदी भोपाली में श्रद्धालुओं द्वारा छोड़े हुए कचरे, पन्नी, आदि से जल का प्रवाह अवरुद्ध हो रहा है और गंदगी भी हो रही है । बारिश के पूर्व नदी की स्वच्छता होना जरूरी जा । इसलिए छोटा महादेव जैसे पवित्र व जागृत स्थल की स्वच्छता हेतु विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले भर के हर तहसील के स्वयंसेवी परिजन शामिल होंगे। युवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अनूप वर्मा ने बताया कि इस अवसर पर सांकेतिक रूप से कुछ पौधों का रोपण भी किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय कवि और पर्यावरण प्रेमी पुष्पक देशमुख के माध्यम से बेल के 1001 बीजों का रोपण भी किया जाएगा। जिला समन्वय समिति बैतूल के जिला समन्वयक रवि शंकर पारखे ने बताया की पूर्व जिला समन्वयक और मार्गदर्शक डॉ कैलाश वर्मा की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन भी उक्त स्थल पर किया जाएगा जिसमें आगामी महीनों के लिए दिए गए कार्यों की जानकारी और पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। घोड़ाडोंगरी तहसील समन्वयक डॉ मनोज पाटणकर ने सभी परिजनों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

जिला समन्वय समिति के अजय पवार ने कहा कि स्वच्छता कार्यक्रम में जिला समन्वय समिति के समस्त परिजन, सभी तहसील समन्वयक, सभी सह समन्वयक, तहसीलों के पर्यावरण प्रभारी, युवा प्रकोष्ठ के तहसील प्रभारी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को उपस्थित होना अनिवार्य है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button