धनियाजाम में सीसी सड़क निर्माण में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग की।

बैतूल/चिचोली। जनपद पंचायत चिचोली अंतर्गत ग्राम पंचायत धनियाजाम में निर्माणाधीन सीसी सड़क को लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता संबंधी गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्राम के जागरूक नागरिक विजय सिंह ठाकुर, पंच बंटू इवने एवं पंच मोहन उइके ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गिट्टी, रेत और सीमेंट के उपयोग को लेकर संदेह की स्थिति है। उनका आरोप है कि मौके पर उपयोग की जा रही सामग्री का अनुपात निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं दिखाई दे रहा है। साथ ही सड़क की मोटाई को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया तो सड़क की आयु प्रभावित होगी और शासन के धन का उचित उपयोग नहीं हो पाएगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की निगरानी प्रभावी ढंग से नहीं हो रही है। उन्होंने सरपंच, पंचायत सचिव तथा संबंधित सब इंजीनियर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
पंचायत प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों ने आपत्ति दर्ज कराई है। उनका कहना है कि पंचायत सचिव संतोष शिवहरे को एक साथ तीन पंचायतों का प्रभार दिया गया है, जिससे नियमित निगरानी और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने जनपद पंचायत स्तर पर भी जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि भीषण गर्मी के बीच गांव में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है और सड़क की नियमित तराई भी नहीं हुई है। ऐसे में निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता और उसकी मजबूती को लेकर स्वाभाविक रूप से चिंताएं बढ़ रही हैं।
विजय सिंह ठाकुर, बंटू इवने और मोहन उइके ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




