मां की स्मृति में डॉक्टर विनोद बर्डे ने जिला अस्पताल को समर्पित किया जल केंद्र।
आरओ-यूवी शीतल पेयजल केंद्र से मरीजों को मिलेगी राहत।

बैतूल। जिला अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विनोद बर्डे ने सराहनीय पहल की है। अपनी पूज्य माताजी स्व. मालता हेमराज बर्डे (ग्राम भडूस) की स्मृति में उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में आरओ, यूवी एवं शीतल पेयजल की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराते हुए एक सुंदर प्याऊ का निर्माण करवाया है। इस जनहितकारी पहल से प्रतिदिन अस्पताल पहुंचने वाले हजारों मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे, डॉ. रानू वर्मा, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अंकिता सीते, सामाजिक बंधु तथा अस्पताल स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों की मौजूदगी में इस शुद्ध पेयजल केंद्र एवं प्याऊ को औपचारिक रूप से जिला चिकित्सालय को समर्पित किया गया।

डॉक्टर विनोद बर्डे का यह योगदान अपनी माताजी से प्राप्त सेवा, संवेदना और मानवता के संस्कारों का जीवंत उदाहरण है। उनके इस प्रयास से अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद लोगों को राहत मिलेगी और मानव सेवा की भावना को भी नई प्रेरणा मिलेगी। सामाजिक सरोकारों से जुड़ा यह अनुकरणीय कार्य समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो जनकल्याण के रूप में लोगों के काम आए।




