छात्राओं को मिल रही निशुल्क अग्निवीर व प्रतियोगी परीक्षाओं की ट्रेनिंग।

बैतूल। ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को आत्मनिर्भर और देशसेवा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मोरनढाना स्थित ओजस शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में निशुल्क आवासीय करियर गाइडेंस एवं शारीरिक प्रशिक्षण शिविर संचालित किया जा रहा है। पिछले 40 दिनों से चल रहे इस शिविर में 22 छात्राएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण का समापन 29 मई को किया जाएगा।
शिविर में छात्राओं को अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट की तैयारी कराई जा रही है। इसके साथ ही अंग्रेजी भाषा, गणित, सेल्फ कॉन्फिडेंस और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराकर उन्हें देशसेवा के लिए तैयार करना है।
शिविर के संचालन में पूर्व सैन्य अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। संस्थान के संचालक अनिल वर्मा ने बताया कि कर्नल पंकज कुमार आर्थिक सहयोग देकर शिविर संचालन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं कर्नल राजीव सक्सेना ने छात्राओं के लिए स्कूली फर्नीचर की व्यवस्था हेतु एक लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की है।
दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं की आवासीय सुविधा बढ़ाने के लिए कर्नल वीपी त्रिपाठी भवन निर्माण के प्रयास में सहयोग कर रहे हैं। वहीं कर्नल सैफल दत्त ने छात्राओं को राइफल शूटिंग प्रतियोगिता की तैयारी के लिए पीसी होल कंपनी की एथेना एनएक्स-200 राइफल उपलब्ध कराई है।




