माचना नदी को जलकुंभी मुक्त बनाने नगर पालिका परिषद बैतूल का विशेष अभियान युद्ध स्तर पर जारी ।

बैतूल। नगर की जीवनदायिनी माचना नदी में लंबे समय से फैली जलकुंभी की गंभीर समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। यह अभियान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, विधायक बैतूल हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन एवं निरंतर निगरानी में संचालित किया जा रहा है। विधायक द्वारा नगर की इस गंभीर पर्यावरणीय समस्या को प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका प्रशासन को शीघ्र एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे।
विगत कई वर्षों से माचना नदी में जलकुंभी का अत्यधिक विस्तार हो गया था, जिसके कारण नदी का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हो रहा था। इसके साथ ही जल प्रदूषण, दुर्गंध एवं नदी में रहने वाले जलीय जीव-जंतुओं के अस्तित्व पर भी खतरा उत्पन्न होने लगा था। नदी के आसपास निवासरत नागरिकों को भी लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या को लेकर नगर के अनेक समाजसेवी, पर्यावरण प्रेमी एवं सामाजिक संस्थाएं लगातार सक्रिय थीं। विशेष रूप से ग्रीन टाइगर सहित अन्य सामाजिक संगठनों द्वारा समय-समय पर श्रमदान एवं जागरूकता अभियान चलाकर जलकुंभी हटाने के प्रयास किए गए, किंतु जलकुंभी के अत्यधिक विकराल रूप धारण कर लेने के कारण समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं हो पा रहा था। नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा इस विषय में विशेषज्ञों एवं तकनीकी जानकारों से विस्तृत चर्चा की गई। जलकुंभी को हटाने हेतु रासायनिक (केमिकल) उपायों पर भी विचार किया गया, किंतु विधायक हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि नदी के पर्यावरण एवं जलीय जीवों की सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। विशेषज्ञों द्वारा भी यह आशंका व्यक्त की गई कि केमिकल के उपयोग से नदी में रहने वाले जीव-जंतुओं, मछलियों एवं जल की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी कारण पर्यावरण हित को ध्यान में रखते हुए रासायनिक उपायों को पूरी तरह से अस्वीकार कर दिया गया।

नगर में गंदे नालों का पानी सीधे नदी में न पहुंचे, इसके लिए नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा सीवरेज प्रोजेक्ट भी तैयार किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से भविष्य में नदी को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने की दिशा में स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। हालांकि परियोजना पूर्ण होने में समय लगना स्वाभाविक है, किंतु विधायक के निर्देश पर तत्काल राहत एवं सफाई व्यवस्था प्रारंभ कर दी गई है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे द्वारा इस समस्या को व्यक्तिगत रूप से गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान प्रारंभ कराया गया। उनके नेतृत्व में नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा 25 अनुभवी मछुआरों को माचना नदी में उतारा गया है, जो लगातार जलकुंभी हटाने का कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में युद्ध स्तर पर यह अभियान जारी है तथा प्रतिदिन बड़ी मात्रा में जलकुंभी को नदी से बाहर निकाला जा रहा है।
इस विशेष अभियान में सहायक यंत्री नीरज धुर्वे, उपयंत्री राहुल शर्मा, ग्रीन टाइगर के तरुण वैद्य, एवं नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों द्वारा निरंतर मॉनिटरिंग एवं सक्रिय सहयोग प्रदान किया जा रहा है। पूरा नगर पालिका अमला अभियान को सफल बनाने हेतु पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्यरत है। नगर पालिका परिषद बैतूल द्वारा विश्वास व्यक्त किया गया है कि विधायक के मार्गदर्शन, प्रशासनिक प्रयासों एवं जनसहयोग से शीघ्र ही माचना नदी को जलकुंभी मुक्त एवं स्वच्छ बनाया जा सकेगा।




