घर-घर पहुंच रहा योग अभियान, युवा इंटरनी गांवों में सिखा रहे योगासन।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले बैतूल में योग को लेकर जनजागरण में ग्रामीणों ने लिया हिस्सा।

बैतूल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले बैतूल जिले में योग को जनआंदोलन बनाने की पहल शुरू हो गई है। ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भारत भारती जामठी की टीम शहर से लेकर गांवों तक पहुंचकर लोगों को योग के प्रति जागरूक कर रही है। खास बात यह है कि इस अभियान में कॉलेज के इंटरनी छात्र भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को योगाभ्यास करा रहे हैं।
आयुष मंत्रालय भारत सरकार एवं संचालनालय आयुष विभाग मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान के तहत बुधवार को बैतूल सदर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में योग प्रशिक्षण दिया गया। महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. हिमांशु मालवीय के साथ इंटरनी ललित, हेमंत, प्राची और मयूरी ने लोगों को योगासन एवं नियमित योग से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।
महाविद्यालय के अध्यक्ष गणेश मालवीय, कोषाध्यक्ष संतोष पाल और प्राचार्य डॉ. विजय माने के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान की रूपरेखा उपप्राचार्य डॉ. राजकुमार मिश्रा ने तैयार की है। टीम द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकें। अभियान 21 जून तक जारी रहेगा।




