गंगा दशहरा पर पांच गांवों में निकली कलश यात्रा।
अंश सेवा समिति के तत्वावधान में कुओं-बावड़ियों का हुआ पूजन।

बैतूल। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत अंश सेवा समिति के तत्वावधान में पांच गांवों में भव्य कलश यात्रा एवं जल संरक्षण जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्राम उमरी, ग्राम खेड़ली, ग्राम बगवाड़, ग्राम ग्यारसपुर एवं ग्राम निमझिरी में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के तहत गांवों में स्थित कुआं, बावड़ी, हेडपंप एवं मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया। महिलाओं एवं युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर कलश यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिए गए।
कलश यात्रा के साथ-साथ गांवों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सार्वजनिक स्थलों एवं जल स्रोतों के आसपास सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वल्पाहार भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी, अंश सेवा समिति से सावी मालवी सहित संबंधित गांवों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, नवांकुर सखी, नवांकुर समाजसेवी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन को लेकर सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों और समिति सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।




