लावारिस शव का राष्ट्रीय हिंदू सेना ने सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार।

नाले में मिले अज्ञात शव को माचना मोक्ष धाम में दी गई अंतिम विदाई। राष्ट्रीय हिंदू सेना एवं गंज पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल ।

बैतूल। हमलापुर के नाले में मिले एक अज्ञात युवक के शव को आखिरकार सम्मानजनक अंतिम विदाई मिली। दो दिनों तक परिजनों की तलाश के बाद जब कोई सामने नहीं आया, तब राष्ट्रीय हिंदू सेना और गंज पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए मृतक का अंतिम संस्कार कराया। माचना मोक्ष धाम में पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला सोशल मीडिया प्रमुख अंश अग्रवाल ने बताया कि 20 मई 2026 को गंज थाना क्षेत्र के हमलापुर माझीनगर स्थित अपना ढाबा के पास नाले में लगभग 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को जिला अस्पताल में सुरक्षित रखा और मृतक के परिजनों की तलाश शुरू की थी। लगातार प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

राष्ट्रीय हिंदू सेना युवा नगर सह संयोजक करण उइके ने बताया कि पुलिस द्वारा परिजनों की तलाश में पूरी तत्परता दिखाई गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को सदर स्थित माचना मोक्ष धाम लाया गया, जहां गंज पुलिस की मौजूदगी में राष्ट्रीय हिंदू सेना के सदस्यों ने विधिवत अंतिम संस्कार किया।

संगठन के जिला युवा मंत्री रोहित मालवीय और सदस्य रोहित दीवान ने बताया कि किसी भी बेसहारा व्यक्ति का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराना मानवता और सामाजिक दायित्व का सबसे बड़ा कार्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हिंदू सेना आगे भी ऐसे जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए हर संभव सहयोग करती रहेगी।

एएसआई किशोर सलाम, आरक्षक चंद्रशेखर हिगवे ने जानकारी देते हुए बताया कि मर्ग क्रमांक 13/26 में दर्ज मामले में मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है। उसका कद करीब 5 फीट 5 इंच, चेहरा लंबा, बाल काले, हल्की दाढ़ी-मूंछ और रंग गेहुआ था। शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। कमर में काला धागा तथा दाहिने हाथ में कुसुम का कलेवा बंधा हुआ था। पेट पर पुराने जले का निशान भी मिला। 20 मई की शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली थी कि अपना ढाबा के बाजू में नाले में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की गई।

– इनकी रही मौजूदगी

अंतिम संस्कार के दौरान राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय, प्रदेश संयोजक पवन मालवीय, जिलाध्यक्ष अनुज राठौर, जिला युवा मंत्री रोहित मालवीय, संगठन सदस्य रोहित दीवान, समाजसेवी गोलू उघड़े, आयुष मन्नासे, विरेंद्र पाकरे, अविजार उइके, सत्यम विश्वकर्मा, संचालक कपिल उकडे मौजूद रहे। वहीं पुलिस विभाग की ओर से एएसआई किशोरीलाल सलाम और आरक्षक चंद्रशेखर हिगवे उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button