मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में बैतूल जिले ने प्रदेश में पाया पहला स्थान।

नगरीय निकायों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से बैतूल को मिली ए रेटिंग ।आठनेर समेत 6 नगरीय निकायों को मिले 100 प्रतिशत अंक । शिकायतों के त्वरित निराकरण से बैतूल बना प्रदेश का नंबर-1 जिला।

बैतूल। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन अंतर्गत अप्रैल-2026 माह की जारी जिलेवार ग्रेडिंग में बैतूल जिले के नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जारी रिपोर्ट में बैतूल जिले को कुल 99.36 अंक प्राप्त हुए हैं, जिसके साथ जिले को ए रेटिंग दी गई है।

परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण नवनीत पाण्डेय ने बताया कि जिले के विभिन्न नगरीय निकायों द्वारा शिकायतों के समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के कारण यह उपलब्धि मिली है। क्षेत्रवार प्रदर्शन में आठनेर, आमला, घोड़ाडोंगरी, चिचोली, भैंसदेही और शाहपुर नगरीय निकायों को 100 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं, जबकि बैतूल नगर पालिका को 99.61 अंक मिले हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से जिले को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

नवनीत पाण्डेय ने सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए इसी प्रकार कार्य जारी रखा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button