गोठी कॉलोनी में दूर हुई लो वोल्टेज की समस्या।
एई यदुवंशी ने टीम के साथ किया निरीक्षण, लोड डायवर्ट होते ही रहवासियों को मिली राहत।

बैतूल। गोठी कॉलोनी के रहवासियों को लंबे समय से परेशान कर रही लो वोल्टेज और वोल्टेज उतार-चढ़ाव की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया। रहवासियों द्वारा मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद एमपीईबी के सहायक यंत्री एई यदुवंशी अपनी टीम के साथ शुक्रवार रात में कॉलोनी पहुंचे और पूरी विद्युत व्यवस्था का निरीक्षण कर तकनीकी सुधार कराया। विद्युत कंपनी की तत्परता से अब क्षेत्र में वोल्टेज सामान्य हो गया है, जिससे कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली है।
निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीम ने पाया कि एक ही ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड होने से समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसके बाद टीम ने तत्काल लोड को दूसरे फीडर पर डायवर्ट किया, जिससे बिजली सप्लाई संतुलित हो गई और लो वोल्टेज की समस्या समाप्त हो गई।
एमपीईबी की टीम ने रात में कॉलोनी की गली नंबर 6, 7 और 8 में पहुंचकर घर-घर जांच भी की। जेई द्वारा गंगारे निवास, साहू निवास, पाठक निवास, जैन निवास सहित अन्य रहवासियों के घरों में जाकर मीटर और लोड चेक किया गया। अधिकारियों ने प्रत्येक लाइन की स्थिति और विद्युत उपकरणों पर पड़ रहे प्रभाव का भी परीक्षण किया।
रहवासियों ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से कम वोल्टेज के कारण टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे, वाशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रभावित हो रहे थे। कई बार उपकरण खराब होने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा था, लेकिन अब समस्या के समाधान के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है।
श्री गणेश उत्सव वेलफेयर सोसायटी के सचिव आनंद साहू ने कहा कि एई यदुवंशी और उनकी टीम ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए रात में लगातार मॉनिटरिंग की और तत्काल समाधान किया। कॉलोनीवासियों ने एमपीईबी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। एई यदुवंशी ने कहा कि भविष्य में लोड बढ़ने अथवा दोबारा समस्या आने की स्थिति में क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर स्थायी समाधान किया जाएगा।




