पत्रकारों को प्रेस वार्ताओं, मीटिंगों एवं कार्यक्रमों की जानकारी मोबाइल पर दें : गगनदीप खेरे।

बैतूल। संपादक एवं प्रकाशक संघ बैतूल के जिला अध्यक्ष गगनदीप खेरे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रशासन, राजनीतिक दलों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से अपील की है कि प्रेस वार्ताओं, बैठकों एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की सूचना पत्रकारों को केवल व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से देने के बजाय मोबाइल कॉल के जरिए कम से कम एक दिन पूर्व प्रदान की जाए, ताकि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से कर सकें।

उन्होंने कहा कि विगत कुछ समय से यह लगातार देखने में आ रहा है कि पत्रकारों को विभिन्न कार्यक्रमों, प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं बैठकों की जानकारी केवल व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से भेज दी जाती है। कई बार पत्रकार व्यस्तता अथवा नेटवर्क संबंधी कारणों से समय पर व्हाट्सएप संदेश नहीं देख पाते, जिसके चलते महत्वपूर्ण कार्यक्रमों एवं समाचारों की जानकारी उनसे छूट जाती है। इससे पत्रकार महत्वपूर्ण समाचार संकलन, बैठकों एवं जनहित से जुड़े आयोजनों से वंचित रह जाते हैं।

श्री खेरे ने कहा कि हाल ही में देश की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा द्वारा भी यह निर्णय लिया गया है कि कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण सूचनाएं केवल व्हाट्सएप के माध्यम से नहीं बल्कि मोबाइल कॉल के जरिए दी जानी चाहिए। इसी प्रकार पत्रकारों को भी सम्मानजनक रूप से कार्यक्रमों एवं प्रेस वार्ताओं की जानकारी सीधे मोबाइल कॉल के माध्यम से उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में कई बार प्रशासन एवं राजनीतिक दल अत्यधिक शॉर्ट नोटिस पर कार्यक्रमों की जानकारी जारी करते हैं, जिसके कारण पत्रकार पूर्व निर्धारित कार्यों एवं कवरेज के चलते इन महत्वपूर्ण आयोजनों में उपस्थित नहीं हो पाते। इससे समाचार कवरेज प्रभावित होती है तथा आमजन तक सूचनाएं समय पर नहीं पहुंच पातीं।

संपादक एवं प्रकाशक संघ बैतूल के जिला अध्यक्ष गगनदीप खेरे ने प्रशासन, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं अन्य संस्थाओं से आग्रह किया है कि वे प्रेस वार्ताओं, बैठकों एवं कार्यक्रमों की सूचना कम से कम एक दिन पूर्व मोबाइल कॉल के माध्यम से पत्रकारों तक पहुंचाएं, ताकि पत्रकारगण अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से पालन कर सकें और जनसामान्य तक सही एवं समयबद्ध जानकारी पहुंचाई जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button